BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Friday 20 February 2015

सड़क हादसे में दो की मौत

सिरसा। हिसार रोड स्थित महाराणा प्रताप चौक के समीप आज सुबह एक कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कैंटर चालक मौके से कैंटर छोड़ फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार खैरपुर कालोनी निवासी अशोक (31) पुत्र भोला राम व रघुवंश (45) पुत्र जंग बहादुर पेंटर का काम करते थे। बताया गया कि दोनों हिसार रोड स्थित एक निजी अस्पताल में रंग रोगन का काम करके सुबह बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। हिसार रोड पर महाराणा प्रताप चौक के समीप कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कैंटर चालक मौके से कैंटर छोड़ फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कैंटर को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयानों के आधार पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला  दर्ज कर दोपहर बाद शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए। 

जमींदार की हत्या
गांव जगमालवाली का मामला
गांव के बब्बू व उसके परिवार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

सिरसा। गांव जगमालवाली में एक किसान की उसकी कार के अंदर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना का पता आज सुबह चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के बेटे इकबाल सिंह के ब्यान पर गांव के एक व्यक्ति व उसके परिवार के लोगों पर हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव जगमालवाली निवासी मेजर सिंह (50) पुत्र जगर सिंह शुक्रवार सुबह अपनी कार में मृत पड़ा मिला। मेजर सिंह का शव खून से लथपथ था और शव के पास दो ईंटें खून से सनी मिली। सिर पर गहरी चोट के निशान के कारण संभवत: सिर पर ईंट से तेज वार करके उसकी हत्या की गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर कालांवाली थाना प्रभारी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया।
सूचना मिलने के बाद डबवाली के डीएसपी सत्यपाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के बेटे इकबाल सिंह के बयान पर गांव के ही बब्बू सिंह व उसके परिवार के लोगों पर मेजर सिंह की हत्या करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नायब तहसीलदार के खिलाफ किया प्रदर्शन
रिश्वत मांगने के लगाए आरोप

सिरसा। कालांवाली में नायब तहसीलदार दयाल सिंह के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप को लेकर आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं व किसान यूनियन ने विरोध प्रदर्शन किया। 
नायब तहसीलदार दयाल सिंह पर आरोप है कि वह लोगों से काम कराने की एवज में रिश्वत मांगते हैं और न देने वालों के कामों को लटका दिया जाता है। शुक्रवार को आप कार्यकर्ताओं व किसान यूनियन के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार को अल्टीमेटम दिया कि यदि सोमवार तक सरकार ने नायब तहसीलदार दयाल सिंह के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया तो क्षेत्र में एक बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। उधर इनेलो ने भी नायब लहसीलदार के खिलाफ इस प्रदर्शन का साथ देते हुए कहा कि वे इस मामले को विधानसभा में भी उठाएंगे। आम आदमी पार्टी के वीर सिंह ने बताया कि अगर सोमवार तक कोई कार्रवाई न हुई तो पंजाब के सासंद भगवंत मान व अन्य सांसद भी धरना पर आएंगे। आम आदमी पार्टी आम लोगों की पार्टी है और भ्रष्टाचार के खिलाफ है। किसान यूनियन के लोगों ने कालांवाली के नायब तहसीलदार को सस्पेंड करने की मांग की। यूनियन के गुरनाम सिंह ने कहा कि किसान यूनियन भी भ्रष्टाचार के खिलाफ है। इस संबंध में जब नायब तहसीलदार दयाल सिंह से बात करनी चाही, तो उनका फोन स्विच ऑफ आ रहा था। जबकि नायब कार्यालय के रीडर हरि राम ने बताया कि साहब तो आज छुट्टी पर है। 

ब्लैकमेलिंग गिरोह की दो महिलाओं सहित तीन गिरफ्तार

सिरसा। एलनाबाद पुलिस ने ब्लैकमेलिंग गिरोह के दो महिला सदस्यों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस गिरोह के दो सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। 
रानियां चुंगी निवासी राजेश की शिकायत पर पुलिस ने ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया था। शिकायत में छह लोगों को नामजद किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि गिरोह के सदस्यों ने 19 जनवरी को उसे अपना शिकार बनाया और अपने ठिकाने पर बुलाकर उससे 50  हजार रुपए की मांग की। पैसा न देने पर उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाने की धमकी दी गई थी। इस मामले में ऐलनाबाद पुलिस ने हिसार के महावीर कॉलोनी निवासी अंजू पत्नी महेंद्र, मल्लेकां निवासी कुलवंत कौर व ऐलनाबाद के वार्ड नंबर 12 निवासी दलीप पुत्र शंकर लाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस गिरोह के दो सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

कन्या भ्रूण हत्या पर दर्ज हो 302 का मुकद्दमा : आर्यवेश

सिरसा। सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान स्वामी आर्यवेश ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसा अपराध करने वाले लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज होना चाहिए। धर्म के नाम पर तथाकथित अनैतिक गतिविधियां चलाने वाले डेरों के खिलाफ गहन जांच होनी चाहिए।
स्वामी आर्यवेश आज आर्य समाज मंदिर में जनचेतना यात्रा का प्रारंभ करने से पूर्व उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। दस दिवसीय यह बेटी बचाओ जनचेतना यात्रा पलवल से शुरू हुई थी जो प्रदेश के कोने-कोने से होती हुई 23 फरवरी को चंडीगढ़ में संपन्न होगी। इस यात्रा से पूर्व मंदिर परिसर में हवन यज्ञ किया गया तथा कन्या भ्रूण हत्या, नशाखोरी एवं धार्मिक अंधविश्वास के विरूद्ध शंखनाद करती हुई जागरूकती रैली निकाली गई। रैली में आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा अनुपम हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता नारे लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूकता संदेश दिया। इस यात्रा में बेटी बचाओ अभियान की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम आर्या, राष्टीय संयोजक प्रवेश आर्या, स्वामी श्रद्धानंद, स्वामी चंद्रवेश, स्वामी विश्वानंद, सौम्यनंद, चेतनानंद, अतर सिंह क्रांतिकारी, बिरजानंद एडवोकेट, स्वामी रामवेश, स्वामी शांतिवेश, रामफल, सहसरपाल आर्य, अजय आर्य, आजाद सिंह, आचार्य संत राम, जितेंद्र आर्य सहित काफी संख्या में साधु संत व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। आर्य समाज सिरसा के प्रधान अशोक वर्मा व आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के मंत्री जगदीश सिंवर ने यात्रा का स्वागत किया और सिरसा जिला के दौरान इस यात्रा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई। स्वामी आर्यवेश ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या करने वालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए तथा सभी जन प्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्र में इस संदर्भ में जवाबदेही का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म पर सरकार की ओर से बेटी के खाते में एक लाख रूपए का सहयोग दिया जाए तथा जिन परिवारों में केवल बेटियां हैं, उनको प्रदेश स्तर पर सम्मानित करने के साथ-साथ सरकारी नौकरी में प्राथमिकता दी जाए। नशाबंदी को लागू करने के लिए पहले चरण में ग्रामीण क्षेत्रों से शराब ठेके बंद किए जाएं तथा आगामी 4 वर्षों में शहरी क्षेत्र से भी शराब को समाप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि डेरा सच्चा सौदा में हाल ही में हुई जांच की रिपोर्ट से वे संतुष्ट नहीं है और इस डेरे की व्यापक स्तर पर जांच की जाए तथा यहां रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच व पूछताछ होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन डेरों में अनैतिक कार्य हो रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को यात्रा के समापन अवसर पर चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री व राज्यपाल को अपनी मांगों के संदर्भ में ज्ञापन देंगे। इस मौके पर वेद प्रचार संगठन मंत्री भूपसिंह गहलोत, उमेद सिंह ढाका, कुलदीप दलाल, बृजलाल पटवारी, बलवीर सिंह जांडवाला, रामप्रताप सरपंच, इंद्रपाल आर्य, आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तरप्रदेश से जितेंद्र छिकारा, राजवीर मलिक, कुलदीप आर्य, प्रदीप बाना, ओमप्रकाश सहित अनेक लोगों ने यात्रा का अभिनंदन किया।

No comments:

Post a Comment