BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Sunday 15 September 2013

समस्या सीमा पर नहीं, दिल्ली में : मोदी

पीएम पद का उम्मीदवार बनने के बाद मोदी ने किया पहली रैली को संबोधित

रेवाड़ी। प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनने के बाद नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा के रेवाड़ी में पहली रैली की। पूर्व सैनिकों की रैली में मोदी ने अपने भाषण की शुरूआत हरियाणा के वीर सपूतों को नमन कर की लेकिन धीरे धीरे वे अपने असली रंग में आ गए।
    मोदी ने केन्द्र सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। मोदी ने पड़ोसी देशों की ओर से खड़ी की जा रही समस्याओं को लिए भी केन्द्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। मोदी ने कहा कि पड़ोसी देश हमें इसलिए परेशान नहीं कर रहे हैं क्योंकि हमारी सेना कमजोर है। मोदी ने कहा समस्या सीमा पर नहीं,समस्या दिल्ली में है। समस्या का समाधान दिल्ली से खोजना होगा। जब तक दिल्ली में सक्षम,देश भक्ति की भावना से ओतप्रोत सरकार नहीं बनेगी तब तक हमें सुरक्षा की गारंटी नहीं मिल सकती। हमें सशक्त सरकार और सशक्त नेता के सपने को पूरा करना होगा।
सरकार की सेना में नहीं टेंडर में रूचि
    मोदी ने कहा कि केन्द्र सरकार की हमारी सुरक्षा में कोई रूचि नहीं है। उसे हमारे सैनिकों की भी कोई चिंता नहीं है। उनके लिए तो घटनाएं होती रहती है। सुरक्षा और सुरक्षा बल सरकार की प्राथमिकता नहीं है। दिल्ली की सरकार की रूचि सेना के कल्याण में नहीं बल्कि टेंडरों में हैं। मोदी ने कहा कि हमें हथियारों का खरीदार नहीं बल्कि दुनिया को हथियार बेचने का सपना देखना चाहिए। गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना की उपेक्षा के कारण युवा सेना में नहीं जाना चाहते। उन्होंने युवाओं से सेना में जाने की अपील की। मोदी ने वन रैंक वन पेंशन की मांग पर सरकार से श्वेत पत्र लाने की मांग की। मोदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में दोबारा सरकार बन गई होती तो यह समस्या हल हो गई होती।
सेना को बांटने का पाप किया
    मोदी ने सेना को धर्मनिरपेक्षता की सबसे बड़ी मिसाल बताते हुए कहा कि चप्पे चप्पे पर वोट बैंक की राजनीति का खेल खेला जा रहा है। वोट बैंक की राजनीति करने वालों ने समाज को टुकड़ों-टुकड़ों में बांट कर तहस नहस कर दिया है। वोट बैंक की राजनीति में डूबे दिल्ली के राजनेताओं ने देश की सेना को भी सम्प्रदाय के आधार पर बांटने का पाप किया है। उन्होंने दूध में दरार डालने का काम किया है।
    पहली बार इस देश में सच्चर कमेटी के माध्यम से कौन हिंदू है,कौन मुस्लिम है,इसकी गिनती करने का पाप किया है लेकिन हम सम्प्रदाय के आधार पर सेना को बांटने की कोशिश सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने सैनिकों से भी अपील की कि आपको बांटने की कोशिश करने वालों को कभी माफ मत करना। मोदी ने कहा कि अगर हमारे नेताओं को सही में धर्मनिरपेक्षता सीखनी है तो सेना से सीखें। 1857 का संग्राम भी धर्मनिरपेक्षता की मिसाल था। यह परंपरा आज भी कायम है।
आतंकवाद से नहीं होगा पाक का भला
    मोदी ने कहा कि सीमापार से फैलाए जा रहे आतंकवाद से न तो पाकिस्तान का भला होगा और न ही भारत का। उन्होंने कहा कि भारत,पाकिस्तान और बांग्लादेश को आपस में लडऩे की बजाय गरीबी और अशिक्षा से लडऩा चाहिए। मोदी ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि हमने जितने जवान जंग में नहीं गवाएं उससे ज्यादा आतंकवाद और नक्सली हिंसा में गंवाएं हैं। मोदी ने कहा कि कुछ देश आतंकवाद के खिलाफ चुनिंदा कार्रवाई करते हैं जो उनकी घरेलू राजनीति के मुताबिक होती है लेकिन इससे समस्या दूर नहीं होती।
पटेल की मूर्ति के लिए मांगा लोहा
    मोदी ने कहा कि मैं गुजरात में सरदार पटेल की सबसे ऊंची मूर्ति बनवाने जा रहा हूं। उन्होंने इस मूर्ति के लिए प्रत्येक गांव से लोहा देने की अपील की।

एक और बाबा ने की महिला से छेड़छाड़

झुंझुनूं। आसाराम के काले कारनामें उजागर होने के बाद कल एक और बाबा पर महिला के यौन शोषण का आरोप लगा है। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के बगड थाना इलाके में अशोक नगर स्थित पाबूधाम आश्रम के संचालक के खिलाफ एक महिला श्रद्धालू ने छेड़छाड़ करने और जबरन कपडे फाडऩे का मामला दर्ज कराया है।
    पुलिस के अनुसार डूलाना महेन्द्रगढ निवासी महिला ने दर्ज मामले में कहा है कि वह सात आठ साल से आश्रम पर आती रही है। पिछले हफ्ते भी वह आश्रम में गई थी। वहां आश्रम के संचालक मलसिंह पुत्र लादू सिंह राजपूत ने उसे अलग कमरे में बुलाया तथा छेड़छाड़ करने लगा और छीना झपटी कर कपडे फाड़ दिए। वह बचकर भागने लगी। आरोपी ने उसे धमकी दी कि वह तंत्र विद्या से उसे मिट्टी में मिला देगा। कहा जाता है कि कथित बाबा मलसिंह के बगड़ स्थित आश्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता तथा प्रशासन एवं पुलिस के कई अधिकारी आते रहते हैं। इससे बाबा का आम लोगों पर बड़ा प्रभाव रहता है। लोगों का कहना है कि कथित बाबा मलसिंह भगवा वस्त्र धारण करने से पहले शराब का धंधा करता था कि अचानक वह बाबा बनकर पाबूजी की सेवा करने लगा। उसके आश्रम में राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा तथा उत्तरप्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालू आने लगे और वह बड़ा साधू बन गया। नाबालिग से यौन शोषण के आरोप में आसाराम प्रकरण के बाद पुलिस भी इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेने लगी हैं। झुंझुनूं के पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप का कहना है कि महिला की शिकायत पर मलसिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 एवं 508 के तहत प्रकरण दर्ज कर महिला थाना प्रभारी ने जांच शुरू कर दी हैं।

प्यार और सेक्स के कारण होती हैं सबसे ज्यादा हत्याएं

नई दिल्ली। प्यार जिंदगी संवारता है, लेकिन अगर भारत में ताजा क्रइम आंकड़ों पर नजर डालें तो ज्यादातर मर्डर प्यार या शारीरिक संबधों की वजह से हो रहे हैं। 2012 के आंकड़ों के मुताबिक पुश्तैनी विवादों और संपत्ति के झगड़ों के बाद सबसे ज्यादा हत्याएं लव अफेयर्स या सेक्शुअल रिलेशंस के कारण होती हैं।
    वहीं सबसे ज्यादा मर्डर आंध्र प्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और पंजाब में होती हैं। नेशनल क्राइम रिकॉड्र्स ब्यूरो (एनसीआरबी) की ओर से जारी किए गए 2012 के क्राइम डेटा के मुताबिक देश भर में जहां संपत्ति के झगड़े में 3169 लोगों का कत्ल हुआ वहीं 2549 लोगों की हत्या लव अफेयर्स या सेक्शुअल रिलेशंस के चलते कर दी गई। देश की कई राज्यों में प्यार और सेक्स के कारण की गई हत्याएं पुश्तैनी झगड़ों और संपत्ति के लिए की गई हत्याओं के लगभग बराबर हैं। आंध्र प्रदेश में 445 मर्डर, यूपी में 325, महाराष्ट्र में 254, पंजाब में 83, जम्मू कश्मीर में 11, हिमाचल प्रदेश में 10, नागालैंड में 2, तमिल नाडु में 291, गुजरात में 116 और दिल्ली में प्यार और सेक्स के कारण 54 हत्याएं हुई।
    ऑनर किलिंग के लिए मश्हूर हरियाण हालांकि उन राज्यों में शुमार नहीं है जहां प्यार के कारण सबसे ज्यादा हत्याएं होती हैं। यहां प्यार के लिए 50 और आपसी झगड़े के कारण 218 मर्डर दर्ज किए गए हैं। वहीं केरल में प्यार के दुश्मन सबसे कम हैं। यहां केवल तीन मर्डर हुए। इसके अलावा राजस्थान और पश्चिम बंगाल में भी प्यार के लिए केवल 39 मर्डर दर्ज किए गए हैं। एनसीआरबी के डाटा में हत्या के कारणों पर भी बड़ा खुलासा किया गया है। बिहार में वर्ष 2012 में सबसे ज्यादा हत्याएं संपत्ति के झगड़े को लेकर हुई हैं देश भर की 36.6 प्रतिशत हत्याएं बिहार में हुई हैं। बिहार में आपसी झगड़े में 570 हत्याएं हुई हैं जबकि यूपी में पिछले साल आपसी झगड़े में 4966 हत्याएं हुई हैं।
    असम में सबसे ज्यादा हत्याएं जाति की वजह से हुई, जबकि दहेज के लिए ओडिश और पश्चिम बंगाल में क्रमश: 415 और 252 हत्याएं हुई। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 167, महाराष्ट्र में 130 और बिहार में 102 दहेज हत्याएं हुई। वर्ष 2001 में दहेज के लिए 968 हत्याएं हुई थीं जबकि वर्ष 2012 में 1458 दहेज हत्याएं हुई।

ठाणे में चार साल की बच्ची से बस में बलात्कार

मुंबई। दिल्ली गैंगरेप के दोषियों को फांसी की सजा सुनाए जाने के बावजदू बलात्कार की घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही। ठाणे में एक दरिंदे ने चार साल की बच्ची से स्कूल बस में बलात्कार किया। आरोपी बस का क्लीनर है,जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
    बादलपुर पुलिस ने बताया कि बच्ची से उस वक्त बलात्कार हुआ जब वह बस में अपनी सहेली के साथ थी। आठ दिन पहले बस को इंग्लिश मीडियम स्कूल के कंपाउंड में पार्क किया गया था। आरोपी ने बच्ची को धमकाया था इसलिए वह इतने दिनों तक चुप रही लेकिन जब उसका दर्द बढऩे लगा और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया तब बलात्कार की वारदात का खुलासा हुआ। इसके बाद पीडित परिवार ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी संदीप कर्वे को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। 6 सितंबर को बच्ची अपनी सहेली के साथ शाम 4.30 बजे स्कूल से निकली। दोनों स्कूल के कंपाउंड में खड़ी बस में बैठ गई। आरोपी कर्वे बहला फुसलाकर पीडिता को पीछे की सीट पर ले गया और वहां उससे बलात्कार किया। जब बच्ची चिल्लाई तो उसकी सहेली पीछे की सीट पर गई। आरोपी ने पीडिता और उसकी सहेली को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जब स्कूल के अन्य बच्चे बस में बैठने के लिए आए तब भी कर्वे ने दोनों बच्चियों को धमकाया। इसके बाद आरोपी सभी बच्चों को उनके घर छोड़कर आ गया।
    पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना के दिन पीडिता के परिजन पूजा के लिए रिश्तेदारों के यहां जा रहे थे इसलिए बच्ची ने अपने माता-पिता को कुछ नहीं बताया। कुछ दिन बाद जब बच्ची का दर्द बढ़ा तो उसने परिजनों से कहा कि वह अच्छा महसूस नहीं कर रही है। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए लेकिन दर्द की वजह का पता नहीं चला। गत शनिवार को जब बच्ची ने फिर दर्द की शिकायत की तो परिजन फिर उसे अस्पताल ले गए। जांच के दौरान पता चला कि बच्ची का यौन शोषण हुआ है। बादलपुर के सीनियर इंस्पेक्टर दिलीप पाटिल ने बताया कि जब डॉक्टरों ने बच्ची के यौन शोषण की बात कही तो परिजन परेशान हो गए। उन्होंने बच्ची से पूछा कि तुम्हारे साथ क्या हुआ था,इस पर पीडिता ने सारी घटना बताई। इसके बाद पीडित परिवार ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर स्कूल से आरोपी कार्वे का पता लिया। पुलिस आरोपी के घर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

अग्रि 5 का सफल परीक्षण, चीन तक करेगी मार

नई दिल्ली। भारत ने रविवार सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर अग्नि 5 मिसाइल का सफल परीक्षण किया। परीक्षण ओडिशा के व्हीलर द्वीप से किया गया। यह दूसरा परीक्षण था। पिछले साल 19 अप्रेल को पहला परीक्षण हुआ था। पांच हजार पांच सौ किलोमीटर तक की मारक क्षमता वाली यह मिसाइल चीन के किसी भी शहर को निशाना बनाने में सक्षम है।
    रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के सूत्रों ने बताया कि दूसरा परीक्षण मिसाइल की तकनीक और क्षमता साबित करने के लिए किया गया है। अग्नि 5 तीन चरणों वाली मिसाइल है,जिसमें ठोस ईंधन का इस्तेमाल किया जाता है। सूत्रों के मुताबिक कार्यक्रम पर काम कर रहे वैज्ञानिकों ने प्रथम परीक्षण के बाद करीब 16 महीनों तक टेलीमेट्री और परर्फोमेंस डाटा का अध्ययन किया। उन्होंने नेवीगेशन और ऑन बोर्ड सिस्टम का भी अध्ययन किया था।

सादगी से मनाया सीएम का जन्मदिन

सिरसा। प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा का 67वां जन्मदिन स्थानीय भादरा तालाब स्थित बंसीवट मंदिर में सादगी पूर्ण मनाया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि होशियारी लाल शर्मा ने इस अवसर पर 67 किलो का मोदक लड्डू काटा व कार्यकर्ताओं में बांटा। कार्यक्रम की शुरूआत हवन यज्ञ से हुई जिसे बंसीवट मंदिर के पुजारी प. सीताराम ने पूर्ण करवाया। इस दौरान शर्मा व पार्टी कार्यकर्ताओं ने आहुति डालकर मुख्यमंत्री हुड्डा की दीर्घायु की कामना की। जन्मदिन की बधाई देते हुए होशियारी लाल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में प्रदेश ने अन्य राज्यों की तुलना में बेहद तरक्की की है। आज हरियाणा विकास एवं प्रगति का दूसरा नाम है और यह सब कांग्रेस पार्टी की देन है। होशियारी लाल शर्मा ने कहा कि जबसे प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की सत्ता संभाली है तब से प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए काफी लाभकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाया है।
    कांगे्रस भवन में मुख्यमंत्री चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के 67वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से ब्लॉक अध्यक्ष भूपेश मेहता की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने केक काटकर खुशी मनाई तथा सभी प्रदेशवासियों को मुख्यमंत्री के जन्मदिवस की हार्दिक बधाई दी। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने 'हुड्डा तुम जीओ हजारों साल, साल के दिन हों एक हजारÓ के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए भूपेश मेहता ने कहा कि हरियाणा के राजनैतिक इतिहास में हुड्डा एकमात्र ऐसी शख्सियत हैं जिन्हें अपनी सरकार का एक कार्यकाल पूरा करने के बाद प्रदेश की जनता ने शासन की बागडोर सौंपी।
    हिसारिया बाजार स्थित कांडा कैंप कार्यालय में कांडा समर्थकों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा का जन्मदिन बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया और उनकी दीर्घायु की कामना की। इस मौके पर फल वितरित किए गए। कांडा समर्थकों ने अस्पतालों, बस स्टेंड, रेलवे स्टेशन व अन्य जगहों पर मरीजों व गरीबों में फल बांटें।

सभी वायदे होंगे पूरे : गोबिंद

सिरसा। विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए सभी वायदे पूरे किए जाएंगे। यह बात हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि गोबिंद कांडा ने गांव चौबुर्जा में 1 करोड़ 23 लाख की लागत से बनने वाले जलघर का नींव पत्थर रखते हुए कही। कांडा ने कहा की भाई गोपाल कांडा ने विधानसभा चुनावों के समय गांव वासियों को पीने के खारे पानी से मुक्ति दिलवाकर स्वच्छ नहरी पानी उपलब्ध करवानेे का वायदा किया था। तीन महीने में इस जलघर का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और गांव वासियों को स्वच्छ नहरी पानी उपलब्ध होगा। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गोबिंद कांडा के समक्ष ढाणियों में बिजली की मांग रखी। कांडा ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि सिरसा विधानसभा क्षेत्र की तमाम ढाणियों में आगामी छह माह में बिजली उपलब्ध करवा दी जाएगी। गोबिंद कांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कुशल नेतृत्व में हरियाणा देश का अग्रणी प्रदेश बना है। हर ओर विकास की बयार बह रही है।

No comments:

Post a Comment