दूसरे दिन भी कामकाज ठप्प
कई इलाकों की बिजली व पेयजल आपूर्ति बाधित
सिरसा। कर्मचारी संगठनों ने आज लगातार दूसरे दिन हड़ताल रखकर कांग्रेस सरकार व मुख्यमंत्री हुड्डा के खिलाफ नारेबाजी की। विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली कर्मचारी आज 33केवी बिजली घर के मुख्य द्वार के समक्ष एकत्रित हुए। यहां सरकार व सीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वेतन विसंगतियों को दूर किया जाया, कच्चे कर्मचारी पक्के किए जाएं। कर्मचारी नेता सुरजीत सिंह बेदी ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को बातचीत में मान रही है लेकिन उन्हें अमलीजामा नहीं पहनाया जा रहा। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांगें लागू नहीं होंगी तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। विद्युत कर्मचारियों की हड़ताल का असर शहर में देखने को मिला। शहर के कई हिस्सों में रात्रि 11 बजे बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई जोकि सुबह 11 बजे बहाल हुई।
उधर रोडवेज की हड़ताल में शामिल हुए कर्मचारी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में आज रोडवेज के कर्मचारियों व अन्य संगठनों के कर्मचारियों ने बस अड्डा के समक्ष धरना दिया। धरने पर बैठे कर्मचारी नेता मदन लाल ने बताया कि तालमेल कमेटी से मिलीभगत कर सरकार ने हड़ताल समाप्त करवाई है। अब हड़ताल में शामिल कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि गिरफ्तार कर्मचारी नेताओं को बिना शर्त शीघ्र ही रिहा नहीं किया गया तो वे भूख हड़ताल करने को मजबूर होंगे।
दूसरी ओर सीडीएलयू में गैर शिक्षक कर्मियों व अनुबंधित कर्र्मियों ने आज भी हड़ताल रखी। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। कर्मचारियों ने कहा कि कल भी उनकी हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के कारण विश्वविद्यालय में ठप्प रहा।
व्यापारियों का क्रमिक अनशन कल
सिरसा। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के संरक्षक राजकरण भाटिया, कृष्ण गुप्ता व वरिष्ठ उपप्रधान मा. रोशनलाल गोयल ने कहा कि व्यापार मंडल अपनी मांगों के समर्थन में कल 24 जनवरी से भगत सिंह चौक पर क्रमिक भूख हड़ताल शुरु करेंगे। इस अनशन में प्रति दिन व्यापार मंडल के पांच सदस्य भूख हड़ताल करेंगे। अनशन की अध्यक्षता व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष हीरा लाल शर्मा करेंगे। व्यापारी नेताओं ने बताया कि प्रशासन को जिन बाजारों की सडकेें टूटी हुई हैं उनको सीसी बनाने के लिए 15 दिन का समय दिया था और साथ ही बाजारों में पर्याप्त स्ट्रीट लाईट की व्यवस्था करने की मांग की थी। इन मुद्दों पर व्यापारी वर्ग में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है। सभी व्यापारियों ने मोबाइल विक्रेता से हुई करीब साढे चार लाख रुपए की लूट व ज्वैलर दुकान पर हुई लूटपाट की घटनाओं पर रोष प्रकट किया। व्यापारियों ने मांग की कि दोनों घटनाओं के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
मौसम हुआ सुहाना, किसानों के खिले चेहरे
सिरसा। आज सुबह से हो रही बरसात से मौसम सुहाना हो गया है। इस बार से किसानों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है। आज पूरे दिन आसमान में बादल छाये रहे। इस बारिश से फसलों को खासा फायदा मिलेगा और उत्पादन में बढ़ौतरी होगी।
आज सुबह से ही आसमान में बादल घिरे हुए थे। करीब 11 बजे बूंदाबांदी शुरू हुई जोकि दोपहर बाद तक जारी रही।
No comments:
Post a Comment