BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Wednesday 25 February 2015

प्रदर्शन कर फूंकी अखबार की प्रतियां

सिरसा। कालांवाली में लोगों ने आज एक राष्ट्रीय समाचार पत्र एवं उसके संवाददाता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जाहिर किया और अखबार की प्रतियां आग के हवाले की। प्रदर्शनकारी लोगों की अगुवाई पीडि़त सुनील कुमार व नगरपालिका के अध्यक्ष जगसीर सिंह व नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष मंगत नागर कर रहे थे। समाचार पत्र व संवाददाता की कार्यप्रणाली से आक्रोशित लोग आज सुबह नई अनाज मंडी में एकत्रित हुए और उसके बाद शहर में रोषस्वरूप नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर संवाददाता को अविलंब अखबार प्रशासन से हटाने और उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं प्रदर्शनकारी लोगों ने अखबार में लोगों के खिलाफ छप रही झूठी खबरों को लेकर प्रदर्शन कर अपना रोष व्यक्त किया।

चाचा ने मारी भतीजे को गोली

सिरसा। पंजाब सीमा से सटे गांव मानखेड़ा में आज सुबह एक युवक को उसी के कुछ रिश्तेदारों ने गोली मार दी। घायल को गंभीर हालत में सामान्य अस्पताल लाया गया। 
घटना के अनुसार मानखेड़ा निवासी मनजीत सिंह पुत्र सुखदेव सिंह का अपने ही कुछ रिश्तेदारों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आज सुबह उसका रिश्तेदारों से फिर झगड़ा हो गया। बताया जाता है कि मनजीत के चाचा ने उस पर बंदूक से फायर कर दिया। गोली के छर्रे उसके सीने व शरीर के अन्य भागों में लगे। खून से लथपथ हालत में उसे सामान्य अस्पताल में लाया गया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। 

घरों में घुसा सीवर का पानी

सिरसा। वार्ड नंबर 19 नोहरिया बाजार की गली मस्जिद वाली में सीवर लाइन का दूषित पानी लोगों के घरों में फैल रहा है। कुछ घरों में यह गंदा पानी पूरे परिसर पसरा हुआ है और घर में पैर रखने तक की जगह नहीं है। गली के लोग पिछले करीब 2 साल से इस नरक को झेल रहे हैं, लेकिन सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। 
नगर पार्षद रोहित गनेरीवाला ने गलीवासियों की पीड़ा पर चर्चा करते हुए बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एक बार नहीं बल्कि अनेक बार लिखित और मौखिक शिकायतें देने के बावजूद इस सीवर लाइन को ठीक से खोलने या सुचारू करने के लिए कभी प्रयास नहीं हुए। गनेरीवाला ने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग से बार-बार आग्रह किया गया है कि मशीन से इस लाइन की सफाई करवाई जाए और लोगों को राहत दी जाए, लेकिन विभाग के अधिकारी जानबूझ कर मशीन भेजने में टाल मटोल कर रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को आगाह किया कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो गली के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे। 

वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना समय की मांग : ढींडसा

सिरसा। विश्वविद्यालय तथा महाविद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों की सृजन शक्ति विकसित करने में कार्यशालाएं तथा सेमीनार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यशालाओं के आयोजन से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है। 
यह विचार चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के कुलपति डा. राधेश्याम शर्मा ने रसायन विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित नेशनल कांफ्रेस ऑन एमरजिंग ट्रेंडस इन कैमिकल साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी का उद्घाटन करने के उपरान्त विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अध्ययन काल के दौरान कठोर से कठोर परिश्रम करना चाहिए। विद्यार्थी काल के दौरान की गई मेहनत ताउम्र काम आती है। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को प्रत्येक प्रकार की सुविधाएं प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है।
कांफ्रेस में शिक्षाविद् प्रोफेसर आर.एस. चौधरी, प्रो. के.सी. सिंह, प्रो. ऐ. के. शर्मा सहित लगभग 100 प्रतिभागियों ने फिजिकल, कैमिस्ट्रिी, नैनो कैमिस्ट्री, ऑर्गेनिक कैमिस्ट्री, मेडिकल कैमिस्ट्री, न्यूकिलियर कैमिस्ट्री, इंडिस्ट्रीयल कैमिस्ट्री आदि विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किये। प्रतिभागियों ने पोस्टर के माध्यम से भी रसायन विज्ञान के विभिन्न मॉडल्स का प्रदर्शन किया। समापन्न समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए प्रो. कुलदीप ढींडसा ने आह्वान किया कि बढ़ते प्रदूषण की वजह से जलवायु परिवर्तन से सारा विश्व प्रभावित हो रहा है। उन्होंने इंटर गवर्नमेंट पैनल ऑन क्लाईमेंट चेंज की रिपोर्ट का हवाला देते हुए  बताया कि वर्ष 2050 तक वैश्विक तापमान में लगभग 2 डिग्री तक इजाफा होगा और विश्व के प्रत्येक राष्ट्र को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत के वैज्ञानिकों को ऊर्जा के नवीनतम स्त्रोतों की खोज करनी होगी। सौर ऊर्जा का प्रयोग करके बढ़ती जनसंख्या की मांग को पूरा किया जा सकता है। बशर्ते की इस तकनीक को सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ सस्ता भी किया जाये। इस अवसर पर मंच संचालन डा. संगीता सांगवान ने किया। कुलपति ने एक शोविनियर का विमोचन भी किया।

No comments:

Post a Comment