BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Thursday 1 January 2015

डंडा नहीं गुलाब का फूल

यातायात पुलिस ने फूल भेंट कर वाहन चालकों को पढ़ाया नियमों का पाठ

सिरसा। आमतौर पर यातायात के नियमों की अवहेलना करने पर पुलिस द्वारा वाहन चालकों के चालान काटे जाते है लेकिन आज नववर्ष के मौके पर सिरसा पुलिस ने वाहन चालकों के चालान काटने के बजाए उन्हें फूल भेंटकर नियमों के लिए जागरूक किया। आज नववर्ष के आगमन पर सिरसा की टैफिक पुलिस ने सडक सुरक्षा संगठन के सहयोग से यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के प्रति अभियान चलाया। सिरसा पुलिस ने लालबती चौक पर वाहन चालकों को पुष्प भेंटकर यातायात नियमों के पालना के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा संगठन के सदस्यों ने भी वाहन चालकों को नियमों की पालना की नसीहत दी वहीं वाहन चालकों ने भी यातायात के नियमों को नहीं तोडऩे का प्रण लिया। 
यातायात पुलिस प्रभारी संदीप कुमार ने नववर्ष की बधाई देते हुए बताया कि आज आम लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को सीट बैल्ट लगाकर वाहन चलाए वहीं दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाकर वाहन चलाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अगर यातायात के नियमों की सही रूप से पालना की जाएं तो सड़क दुर्घटनाएं को कम किया जा सकता है। 
वाहन चालकों ने भी इस अभियान की सराहना की ओर यातायात के नियमों की पालना के लिए प्रण लिया।
उधर आसरा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से नव वर्ष का स्वागत यातायात सुरक्षा अभियान के तहत वाहनों पर रिफ्लैक्टर लगाकर किया गया।

विवाहिता से दुष्कर्म
पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

सिरसा। जिला के गांव मटदादू में एक व्यक्ति ने विवाहिता के साथ मारपीट कर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 
जानकारी के अनुसार गांव मटदादू निवासी विवाहिता 30 दिसम्बर 2014 को घर में अकेली थी। रात को गांव का ही गुरप्रीत नामक युवक जबरन घर में घुस गया। विवाहिता ने उसे देख शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह बंद करके उसके साथ मारपीट की। पीडि़ता का आरोप है कि गुरप्रीत ने उसे धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। परिवार वाले घर लौटे तो उसने आपबीती सुनाई। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत व उसकी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। 

विशेष बच्चों संग मनाया नववर्ष

सिरसा। जिला बाल कल्याण इकाई के पदाधिकारी ने बृहस्पतिवार को डबवाली का दौरा किया। इस दौरान संरक्षण अधिकारी मोनिका चौधरी व समाजसेविका मीनाक्षी ने सजायाफ्ता किशोर का हालचाल जाना और विशेष बच्चों के साथ नववर्ष मनाया। 
किशोर न्यायालय ने लापरवाही से मौत के मामले में एक किशोर को एक माह पूर्व तीन माह की सजा सुनाई थी। न्यायालय ने सजायाफ्ता किशोर को सुधार गृह भेजने की बजाय उसे डबवाली स्थित एक संस्थान में सेवा कार्य में लगा दिया। उक्त दोनों जांच अधिकारियों ने संस्थान के पदाधिकारियों से दोषी युवक के बारे में जानकारी जुटाई। मोनिका चौधरी ने बताया कि उक्त युवक में पहले से बहुत अधिक सुधार आया है। उसके साथ कुछ घंटे हमने बिताए। इसके बाद डबवाली में विशेष बच्चों के साथ नववर्ष मनाया गया। बच्चों को बाल कल्याण इकाई की ओर से मिठाई वितरित की गई। मीनाक्षी ने बताया कि जिला बाल कल्याण इकाई बच्चों को बाल मजदूरी से मुक्त करवाती है। इसके अलावा उनके कल्याण के लिए हर तरह के कदम उठाए जाते हैं।

No comments:

Post a Comment