BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Monday 1 December 2014

बहादुर बहनों को मिलेगा सम्मान

बस में छेड़छाड़ का मामला : ड्राइवर व कंडक्टर बर्खास्त

रोहतक। बस में छेड़छाड़ करने वाले तीन मनचलों को सबक सिखाने वाली दो बहनों पूजा और आरती को हरियाणा के मुख्यमंत्री ने सम्मानित किए जाने की घोषणा की। इस घटना में शामिल तीनों युवाओं को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि घटना के समय बस चला रहे ड्राइवर और कंडक्टर को राज्य सरकार ने तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है।
रविवार को दोनों बहनों का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें दोनों बहनें बहादुरी के साथ छेड़छाड़ करने वाले गुंड़ों से लड़ रही थी जबकि अन्य लोग शांत बैठे देख रहे थे। इस वीडियो ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध का खुलासा किया था।
राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किए जाने की घोषणा के बाद आरती ने कहा, 'हमारे परिवार ने हमें बहादुरी के साथ लडऩा सिखाया है।' अन्य यात्रियों द्वारा कोई सहायता नहीं किए जाने पर उन्होंने कहा, 'बस में सवार सभी लोग हमें उन लड़कों से नहीं उलझने की सलाह दे रहे थे। वे कह रहे थे कि ये लड़के या तो तुम्हारे साथ रेप करेंगे या तुम्हारे ऊपर तेजाब डाल देंगे। हमें अंदर से डर लगा लेकिन हमने हिम्मत नहीं हारी।' हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि दोनों बहनों को गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। हरियाणा सरकार ने उनकी बहादुरी के लिए उन्हें तीस हजार रूपए का इनाम देने की भी घोषणा की।
घटना में शामिल आरोपियों के आवेदन रद्द किए सेना ने : घटना में शामिल तीनों युवा सेना में भर्ती होना चाहते थे जिसके लिए उन्होंने एप्लाई किया हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर सेना ने उनके आवेदन रद्द कर दिए हैं। हालांकि उनके परिवारवालों तथा उनके गांव वालों ने दोनों लड़कियों पर अपना बयान बदलने के लिए दबाव डाला था परन्तु उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां उन्हें 6 दिसम्बर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
             घटना में शामिल ड्राइवर-कंडक्टर बर्खास्त : राज्य सरकार ने घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बस नहीं रोकने और लड़कियों की मदद नहीं करने के लिए बस चला रहे ड्राइवर और कंडक्टर को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर दिया।

विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म

सिरसा। बेगू रोड की एक विवाहित महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने पीडि़ता का बयान दर्ज कर पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ भादंसं की धारा 376डी के  तहत मामला दर्ज कर लिया है। 
मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम को सदर थाना पुलिस में किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी कि कंगनपुर की एक मंदबुद्धि महिला के साथ दुष्कर्म हो गया है। पीडि़त महिला इधर-उधर भटक रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के बयान दर्ज किए। महिला ने पुलिस को बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व उसे पांच लोग उठाकर बेगू रोड स्थित बस गैरेज में ले गए थे। यहां पाचोने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद वह अपनी सुध-बुध खो बैठी। पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर घटना स्थल व आरोपियों की पहचान के प्रयास में जुट गई है।

हादसे में एक व्यक्ति की मौत

सिरसा। नाथूसरी चौपटा के गांव बरासरी के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार गांव ढूकड़ा निवासी राजेन्द्र पुत्र रामेश्वर व मुकेश पुत्र जगदीश बाईक पर सवार होकर जोगेवाला से लौट रहा था। रास्ते में गांव बरासरी के निकट अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में राजेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मुकेश घायल हो गया।

No comments:

Post a Comment