BREAKING NEWS

 

सच और झूठ के बीच कोई तीसरी चीज नहीं होती और मैं सच के साथ हूं : छत्रपति       www.poorasach.com      

Saturday, 15 March 2014

पहले दिन किसी ने नहीं भरा नामांकन

सिरसा। नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई। आज पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। हालांकि 6 लोगों ने नामांकन पत्र भरने के लिए अब तक लिया है। देखना यह होगा कि इस चुनाव में कांग्रेस, भाजपा, इनेलो और आप के अलावा कितने महारथी मैदान में कूदते हैं। आज जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा निर्वाचन की सूचना जारी कर दी गई। इसी के साथ ही नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई। 22 मार्च तक कोई भी उम्मीदवार चुनाव में हिस्सा लेने के लिए नामांकन दाखिल कर सकता है। 

'नोटा' का करें इस्तेमाल

चुनाव निर्वाचन अधिकारी डा. अंशज सिंह ने कहा है कि लोग चुनाव में हिस्सा अवश्य लें। यदि किसी को चुनाव मैदान में उतरने वाला कोई भी उम्मीदवार पसंद नहीं है तो वे 'नोटा' (नन ऑफ द अबव) बटन का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह बटन इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में सबसे आखिर में दिया गया है। 

बहिष्कार का रास्ता न अपनाएं ग्रामीण

डा. अंशज सिंह ने कहा कि सुल्तानपुरिया के ग्रामीणों द्वारा चुनाव बहिष्कार का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है। इस बार 'नोटा' का विकल्प उनके लिए बेहतर है लेकिन मतदान अवश्य करना चाहिए।

'टिकट' लेकर कल सिरसा आएंगे तंवर!

प्रदेशाध्यक्ष के सिरसा से ही चुनाव मैदान में उतरना तय
सुशील इंदौरा ने भी अभी तक नहीं मानी हार

Ashok Tanwar
सिरसा। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर का सिरसा से चुनावी मैदान में उतरना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि अभी तक पार्टी ने इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है लेकिन सूत्रों की मानें तो तंवर की उम्मीदवारी तय हो चुकी है। वहीं कांग्रेस नेता सुशील इंदौरा ने भी अभी हार नहीं मानी है। आज सुशील इंदौरा तथा अशोक तंवर, दोनों द्वारा निर्वाचन कार्यालय से नामांकन पत्र प्राप्त किया गया है। दोनों ने कांग्रेस की ओर से लडऩे का हवाला दिया है। 
प्रदेश में कांग्रेस की सात सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है। सिरसा, अंबाला और गुडग़ांव क्षेत्र अभी तक आधिकारिक घोषणा को तरस रहे हैं। सिरसा व अंबाला सीटों पर तंवर के दखल को लेटलतीफी का कारण माना जा रहा है। हालांकि चुनाव पूर्व भी तंवर व उनके प्रतिनिधि यही दावा करते नजर आते थे कि वे सिरसा से ही चुनाव लड़ेंगे लेकिन उम्मीदवारी के लिए मैदान में उतरने के साथ ही उनकी अंबाला से चुनाव लडऩे की इच्छा बलवती हो गई। अंबाला में उन्हें सुरक्षित नहीं पाते हुए पार्टी ने फिर से विचार मंथन शुरू किया। इसी उथल-पुथल में सोशल नेटवर्क पर सक्रिय सिरसा के समर्थक उनके निरंतर सिरसा से लडऩे के ही दम भरते नजर आए।  विगत दो दिनों से लगातार उनके समर्थक उनकी सिरसा से सीट फाइनल होने के दावे कर रहे हैं। हालांकि पार्टी द्वारा अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन अब उनके सिरसा से ही मैदान में उतरने की सूचना मिल रही है। 
Sushil Indora
कल तंवर के सिरसा आने का कार्यक्रम है। माना जा रहा है कि आज देर शाम तक कांग्रेस द्वारा प्रदेश की बाकी तीनों सीटों पर भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। ऐसे में कल तंवर सिरसा की 'टिकट' लेकर ही आएंगे? खैर, कुछ भी हो, लेकिन उनके समर्थकों ने उनके स्वागत के लिए पूरे जोर-शोर से तैयारियां कर रखी हैं। तंवर के कल सायं भगत सिंह चौक पर होलिका दहन का कार्यक्रम है और 17 मार्च को वे अपने निवास पर कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। तंवर की होली में कितने रंग होंगे, यह उनकी टिकट के साथ ही तय हो जाएगा। 
लेकिन कांग्रेस की टिकट के लिए लाइन में लगे सुशील इंदौरा ने अभी भी हिम्मत नहीं हारी है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि जब तक आधिकारिक घोषणा नहीं हो जाती, तब तक कुछ भी संभव है। आज सुशील इंदौरा ने भी कांग्रेस की ओर से चुनाव लडऩे के लिए निर्वाचन कार्यालय से नामांकन पत्र प्राप्त किया है।

Friday, 14 March 2014

कार ने कुचला, मासूम की मौत

सिरसा। एलनाबाद बस अड्डे पर एक तेज रफ्तार कार ने परिवार के चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक दो माह के मासूम की मौत हो गई जबकि पति, पत्नी व एक अन्य महिला घायल हो गए। घायलों को यहां के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां से व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक रैफर कर दिया गया है। कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं। 
मिली जानकारी के अनुसार पत्नीवाला मोटा निवासी विजयनाथ अपनी पत्नी गीता, दो माह के बच्चे रमन व गीता की भाभी सनमिता के साथ हनुमानगढ़ जा रहा था। बताया जा रहा है कि मासूम रमन की पिछले दिनों गिरने के कारण टांग की हड्डी टूट गई थी। उसका ईलाज हनुमानगढ़ में चल रहा था। टांग पर प्लास्टर लगाया गया था जिसे उतरवाने के लिए आज वे हनुमानगढ़ चिकित्सक के पास जा रहे थे। एलनाबाद बस स्टेंड के बाहर सभी बस के इंतजार में थे, इसी दौरान पीछे से जा रही एक तेज रफ्तार कार ने  चारों को चपेट मार दी। हादसे में रमन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि विजय, उसकी पत्नी गीता व सनमिता घायल हो गए। घायलों को सिरसा के सामान्य अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने विजय की गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक रैफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच पंचनामा कार्रवाई के बाद मासूम के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद आज शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। 

इनेलो ने भी उतारे अपने योद्धा मैदान में

हरियाणा में भाजपा-इनेलो गठबंधन प्रयास आखिरकार फेल हो गए। इनेलो ने आज फरीदाबाद में सभी 10 लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए। इससे यह साफ हो गया है कि भाजपा और हजकां ही मिलकर चुनाव लड़ेंगे। जबकि इनेलो के साथ भाजपा चुनाव के बाद गठबंधन कर सकती है। फरीदाबाद में इनेलो के नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने सभी 10 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की। इसके साथ ही इनेलो ने शुक्रवार से ही प्रदेशभर में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी। प्रदेश की चुनावी कमान चौधरी अभय सिंह चौटाला और अरोड़ा के हाथों में रहेगी।

अब निगाहें कांग्रेस, भाजपा पर

सिरसा। इनेलो ने भी आज सिरसा लोकसभा सीट के लिए अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। अब तक
Charanjeet Singh INLD
Poonam Chand AAP
इनेलो और आप द्वारा सिरसा के लिए प्रत्याशी की घोषणा की जा चुकी है। कांग्रेस और हजकां-भाजपा का मंथन फिलहाल जारी है। हजकां-भाजपा के जहां प्रदेश में दसों सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है, वहीं कांग्रेस की सिरसा, अंबाला व गुडग़ांव सीटों पर अभी तक अटकलों के दौर जारी हैं। हजकां ने आज  उसके हिस्से में आई हिसार और करनाल सीटों पर अपने लड़ाकुओं का ऐलान करने की संभावना जताई है। आज देर शाम तक हजकां की ओर से आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। गठबंधन की सिरसा सीट भाजपा के खाते में आई है। इसलिए भाजपा की ओर से जारी की जाने वाली सूची पर सिरसा के लोग नजरें गड़ाए हैं। राजधानी में उम्मीदवारों के चयन के लिए कशमकश जारी है और भाजपा द्वारा शीघ्र ही नामों की घोषणा करने की सूचना है। सिरसा और अंबाला के लिए कांग्रेस अभी भी कशमकश की स्थिति में दिखाई दे रही है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और सिरसा से सांसद अशोक तंवर के सिरसा से लडऩे की बात सामने आ रही हैं। तंवर के समर्थक उनके सिरसा से ही लडऩे का दम भर रहे हैं जबकि पार्टी द्वारा अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अफवाहों का बाजार गर्म है और लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।

भाजपा की सूची के इंतजार में कांग्रेसी!

सिरसा में सर्वप्रथम आम आदमी पार्टी द्वारा फतहाबाद के पूनम चंद रत्ती को मैदान में उतारा गया। उसके बाद आज इनेलो के योद्धा चरणजीत सिंह रोड़ी भी उतर आए। भाजपा के एमपी बिदलान को टिकट दिए जाने की संभावना जताई जा रही है लेकिन अभी तक किसी तरह की हवा भी भाजपा ने निकलने नहीं दी है। कांग्रेस सिरसा में तंवर को लड़ाने की इच्छुक नजर नहीं आ रही। तंवर की स्थिति सिरसा में सशक्त नजर नहीं आ रही है, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस भाजपा के उम्मीदवार की घोषणा के बाद ही इस सीट से तंवर को उतारे जाने पर विचार करना चाहती है। प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते तंवर की जीत सुनिश्चित करना पूरी पार्टी के लिए नाक का सवाल बना हुआ है और तंवर भी हर हाल में लडऩे की जिद पर अड़े हुए हैं। ऐसे में पार्टी चाहती है कि यदि उन्हें मैदान में उतारा जाए तो किसी ऐसे स्थान पर जहां वे सुरक्षित रहें अन्यथा उनकी दावेदारी को दबा दिया जाना ही उचित माना जा रहा है। 

हरियाणा से इनेलो के प्रत्याशी....

सिरसा : चरणजीत सिंह
अंबाला : कुसुम बाला बेरवाल
कुरुक्षेत्र : बलवीर सिंह सैनी
करनाल : जसविंदर सिंह संधू
सोनीपत : पदम सिंह दहिया
रोहतक : शेर सिंह खरखड़ा
हिसार : दुष्यंत सिंह चौटाला
महेंद्रगढ़ :  भिवानी, राव बहादुर सिंह
फरीदाबाद: आर. के. आनंद
गुडग़ांव :जाकिर हुसैन

Thursday, 13 March 2014

हादसे में छह जिंदा जले

सिरसा। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में बीकानेर स्टेट हाइवे पर बुधवार देर रात को पिकअप और बोलेरो की भिड़ंत में सात जनों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बोलेरो में आग लग गई। मरने वालों में से 6 जिंदा जल गए। वहीं दूसरे वाहन के चालक की मौत भी हो गई। गांव रोजड़ी के पास हुए दर्दनाक हादसे में बोलेरो में सवार सभी युवक थे। पुलिस उप अधीक्षक दीपक शर्मा ने बताया कि नईमंडी घड़साना और आसपास के छह युवक बीकानेर से आ रहे थे। इसी दौरान घड़साना से ईटों से भरा ट्रेलर और उसके पीछे पिकअप गाड़ी बीकानेर की ओर जा रही थी। तीनों वाहनों में भिड़ंत होने पर बोलेरो गाड़ी की डीजल टंकी फट जाने से गाड़ी में आग लग गई। देखते-देखते गाड़ी को आग ने घेर लिया। बोलेरा गाड़ी के सेन्ट्रल लॉक भी लगा होने के कारण संभवत सवार जने बाहर निकल नहीं पाए। इससे नईमंडी घड़साना सुनील बिश्नोई, गांव 3 एसटीआर निवासी मंगा सिंह जट सिख, नईमंडी की अमर कालोनी निवासी जसविन्द्र सिंह बावरी, 7 जीडी घड़साना निवासी सीताराम बिश््रोई, चक 3 एसकेएम घड़साना निवासी संजय खीचड़ (बिश््रोई) तथा खाजूवाला के गांव 14 बीडी निवासी रमन सिंह जट सिख की मौत हो गई। आग की चपेट में आने से सभी मृतकों के शव बोरों में डाल कर पोस्टमार्टम के लिए लाए गए। जबकि पिकअप चालक कैलाश जाट की ईलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दो घायल ओमप्रकाश व ठाकरराम जाट को बीकानेर रैफर किया गया है।

एटीएम लूटने का प्रयास

सिरसा। वायु सेना केंद्र के निकट स्थित एक बैंक के एटीएम को गत रात्रि लुटेरों ने शिकार बनाया। हालांकि लुटेरे एटीएम से रुपए निकालने में विफल रहे और आसपास के लोगों के शोर मचाने पर भाग खड़े हुए। लुटेरों ने एटीएम के साथ लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ डाला और एटीएम मशीन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार वायु सेना केन्द्र के निकट कॉर्पोरेशन बैंक का एटीएम है। बताया जा रहा है कि कल देर रात दो लोग डंडे लेकर एटीएम में घुसे और पहले डंडे से सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। इसके बाद एटीएम मशीन को तोडऩे का प्रयास किया। एटीएम में तोडफ़ोड़ की आवाजें सुनकर वहां से गुजर रहे लोगों ने शोर मचाया। इससे घबराकर लुटेरे वहां से भाग निकले। मामले की जानकारी मिलने पर बैंक प्रबंधक सुनील भाटिया मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने प्रबंधक की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि एटीएम में 11 लाख रुपए की नकदी थी।  आज सुबह फिंगर प्रिंट्स एक्सपर्ट ने पहुंचकर मौके से सुराग जुटाए। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में ले ली है। कैमरे से आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हालांकि आरोपियों ने एटीएम के अंदर घुसकर कैमरे को तोड़ दिया लेकिन कैमरे की मैमरी में आरोपियों के एटीएम में घुसते हुए तस्वीर कैद है जिसके आधार पर उनकी पहचान की जा रही है। 

जल्द ही कई बड़े नेता जुड़ेंगे भाजपा से

सिरसा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुभाष बराला ने कहा कि देश-प्रदेश में मोदी की लहर चल रही है। हरियाणा में भाजपा 10 की 10 सीटों पर विजय हासिल करेगी। बराला आज यहां एक निजी होटल में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर युवा जाट विकास मंच के अध्यक्ष अमर सिंह घोटिया ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पूर्व मंत्री प्रो. गणेशीलाल, जगदीश चौपड़ा, सतपाल मेहता, रोहताश जांगड़ा, भाजपा अध्यक्ष अमीर चंद मेहता, यतिंद्र सिंह आदि भी मौजूद थे। 
कई बड़े नेता 18 को होंगे भाजपा में शामिल : बराला
कांगे्रस समेत विपक्षी पार्टियों के नेताओं में खलबली मची हुई है। उन्होंने कहा कि बड़े बड़े नेता मैदान छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राव इंद्रजीत सिंह, पूर्व जनरल वीके सिंह समेत अनेक नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि 18 मार्च को ओर भी कई बड़े नेता भाजपा में शामिल होंगे। जिनमें सेना के एक पूर्व प्रमुख भी हंै। 
मैदान छोड़ भाग रहे तंवर : गणेशी 
पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. गणेशी लाल ने कहा कि सिरसा के सांसद व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर मैदान छोड़ कर भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिरसा में उन्हें अपनी हार का आभास हो चुका है इसलिए वे अंबाला की जनता के शरण में गए लेकिन वहां भी उन्हें लाल झंडी दिखा दी गई। इस कारण अब वे बहानेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के लिए सुरक्षित सीट ढूंढने  का सवाल ही पैदा नहीं होता। भाजपा ने देश की जनता की राय का सम्मान करते हुए नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री का उम्मीदवार घोषित किया है। मोदी देश की 543 लोकसभा सीटों में से किसी पर भी खड़े हो जाएं तो वे आराम से जीत सकते हैं।  उन्होंने कहा कि भाजपा की ऐसी लहर चल रही है कि जो लोग पहले देश व प्रदेश स्तर पर उनका उपहास उड़ाते थे, वे भी अब भाजपा का गुणगान कर रहे हैं। मोदी की शख्सियत को तो अमेरिका भी सलाम कर चुका है।
जातिगत आरक्षण निंदनीय : घोटिया
जाट विकास मंच के अध्यक्ष अमर सिंह घोटिया से जब प्रदेश में जाटों को आरक्षण दिए जाने बारे विचार पूछे गए तो उन्होंने कहा कि वे जातिगत आरक्षण के विरोधी हैं। आरक्षण आर्थिक आधार पर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जातिगत आधार पर आरक्षण का फायदा गरीबों को कभी मिल ही नहीं पाता।

Wednesday, 12 March 2014

अन्ना ने दीदी को दिखाया ठेंगा

नई दिल्ली। समाजसेवी अन्ना हजारे ने बंगाली मानुष की नेत्री ममता दीदी को धोखा दिया है। बुधवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में तृणमूल कांग्रेस और अन्ना हजारे की रैली थी। लेकिन अन्ना हजारे पहुंचे ही नहीं। कोलकाता से विमान में उड़कर दिल्ली की दोपहरी में रामलीला मैदान पहुंची पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि ये रैली अन्ना की थी। मैं उनकी ही रैली के लिए आई थी। मैंने वादा किया था इसलिए आई। मैं अपने वादे से कभी पीछे नहीं हटती।
हजारों वादे और बातों के बावजूद अन्ना हजारे बुधवार को रामलीला मैदान नहीं पहुंचे। अन्ना की सहयोगी सुनीता गोदारा के एक बयान के मुताबिक बीमार होने की वजह से अन्ना रैली में शामिल नहीं हो पाए। उधर मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक अन्ना रैली के लिए की गई व्यवस्था से नाराज थे।
गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली थी। लेकिन दो बजे तक रैली में सिर्फ हजार लोग ही उपस्थित थे। रैली को संबोधित करते हुए ममता ने कहा कि मैं चाहती तो समर्थकों से दर्जनों ट्रेनें भर सकती थी। लेकिन हमने ?सा नहीं किया। मैं यहां परिश्रम से पहुंची। जनता हमारे साथ है। पश्चिम बंगाल में बहुत सारी समस्याएं है, लेकिन मैं यहां आई क्योंकि मैंने वादा किया था। गुजरात से लेकर महाराष्ट्र तक हम रैली करेंगे। हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। क्योंकि ये लड़ाई हमने तब शुरू की थी जब हमारे साथ कोई नहीं था। मैं किसी एक व्यक्ति के लिए सत्ता नहीं चाहती। बल्कि लोगों के लिए चाहती हूं। गौरतलब है कि अन्ना के साथ ममता बनर्जी की यह रैली भ्रष्टाचार के विरूद्ध 17 सूत्रीय एजेंडे को लेकर चर्चा में थी। इससे पहले ममता बनर्जी ने अपने लोकसभा अभियान शुरूआत की।

हरे पेड़ों की बलि

सिरसा। गांव भरोखां में नहर किनारे खड़े हरे पेड़ों को काटने का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। पेड़ कटाई में विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया गया है। वन अधिकारी ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव भरोखां में आज सुबह नहर किनारे लगे कीकर के पेड़ों की कटाई की जा रही थी। पेड़ों को काटकर ट्राली में लादा गया। इसी दौरान ग्रामीण एकत्रित हो गए और इसका विरोध किया। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए पेड़ काटने वाले लोग ट्राली वहीं छोड़ फरार हो गए। ग्रामीणों ने मामले की लिखित सूचना जिला वन अधिकारी को दी। ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ कटाई में विभाग के कर्मचारियों की भी मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में शीघ्र ही कार्रवाई नहीं की जाती तो वे न्यायालय का द्वार खटखटाएंगे। जिला वन अधिकारी जितेन्द्र अहलावत ने ग्रामीणों को मामले की समुचित जांच का आश्वासन दिया है।
पहले भी चली है हरे पेड़ों पर आरी
क्षेत्र में इन दिनों लकड़ी माफिया जोरशोर से सक्रिय है। पिछले कुछ ही दिनों में हरे पेड़ों पर आरी चलने के कई मामले प्रकाश में आ चुके हैं। इन मामलों में अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। सर्व विदित है कि लकड़ी माफिया को वन विभाग के अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। इस कारण बेखौफ होकर हरे पेड़ों पर आरी चल रही है।

300 गट्टे सरसों चोरी

कालांवाली। गदराणा रोड पर स्थित एक गोदाम से तीन सौ गटटे सरसों के चोरी हो गए। पुलिस ने गोदाम मालिक फकीर चंद निवासी कालांवाली की शिकायत पर मामला दर्ज लिया है।  
पुलिस को दी शिकायत में गोदाम मालिक ने बताया कि उनका गदराना रोड पर गोदाम है वह आज सुबह सात बजे जब वह गोदाम में गया तो गोदाम के ताले टूटे हुए पडे थे ओर गोदाम के अंदर से तीन सौ गटटे सरसों के गायब थे उसने बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनके गोदाम से सरसों के गटटे चोरी कर ले गया। पुलिस ने फकीर चंद की शिकायत पर मामला दर्ज कर अगामी कारवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रहे एएसआई जगदीश राए ने बताया कि मामले को लेकर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट डा: अजमेर सिंह ने भी मोके का निरीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि दोषियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।

उपायुक्त से मिले भट्ठा संचालक

सिरसा। ईंट भट्ठा संचालकों ने आज उपायुक्त से भेंट की। विगत काफी समय से भट्ठा संचालकों और मजदूरों के बीच चल रहे विवाद को लेकर आज हिसार रेंज के लेबर ऑफिसर द्वारा दोनों पक्षों की बैठक बुलाई गई थी। ईंट भट्ठा संचालक बैठक को लेकर लघु सचिवालय परिसर पहुंचे। लेकिन ऑफिसर चुनावों में ड्यूटी लगे होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो पाए। इसके बाद भट्ठा संचालक उपायुक्त से मिले और अपनी व्यथा सुनाई।
ईंट भट्ठा संचालकों का कहना है कि मजदूरी बढ़ाने के नाम पर उनके साथ नाइंसाफी की जा रही है। उन्हें मानसिक व शारीरिक तौर पर परेशान किया जा रहा है। उन्हें जान का खतरा है लेकिन पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि लेबर ऑफिसर द्वारा भी उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। वे भी मजदूरों के पक्ष की बात करते हैं। भट्ठा यूनियन के प्रधान भीम झूंथरा ने कहा कि मजदूर हालांकि कार्य करने को तैयार हैं लेकिन कुछ तथाकथित नेताओं द्वारा उन्हें जानबूझकर भड़काया जा रहा है। उन्हें इस कद्र हिंसक बनाया जा रहा है कि वे भट्ठा संचालकों की जान तक लेने को उतारू हो जाते हैं।´

Monday, 10 March 2014

कांडा बनाएंगे पार्टी

पत्रकारवार्ता में बोले गोपाल
विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों पर देंगे चुनौती

सिरसा। पूर्व गृहराज्यमंत्री और सिरसा के विधायक गोपाल कांडा का कहना है कि यदि प्रदेश की जनता चाहेगी तो वे आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश की 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदार में उतारेंगे। इस सम्बंध में वे पूरे प्रदेश में अपने कार्यकर्ताओं व साथियों के साथ विस्तृत चर्चा कर रहे हैं। कांडा आज अपने आवास पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने पिछली बार कांग्रेस को समर्थन प्रदेश के विकास के लिए दिया था। प्रदेशवासियों का मन देखते हुए ही उन्होंने अब बड़े स्तर पर राजनीति में उतरने का मन बनाया है। वे अपनी पार्टी गठित करेंगे और पूरे प्रदेश में सिरसा दोहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिरसा के विकास में कोई भी कसर नहीं रही। हालांकि विरोधियों की साजिश के चलते रुकावट जरूर आई लेकिन अब भी विकास जारी है और आचार संहिता के बाद भी सभी परियोजनाएं पूरी की जाएंगी। जिन परियोजनाओं पर कार्य जारी है वे सभी जल्द ही जनता के सुपुर्द कर दी जाएंगी।
प्रदेश में आम आदमी पार्टी के अस्तित्व को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कांडा ने कहा कि दिल्ली व हरियाणा की राजनीति में जमीन-आसमान का अंतर है। 'आपÓ का हरियाणा में कोई अस्तित्व नहीं है। भविष्य में उनकी पार्टी द्वारा किसी अन्य पार्टी से गठजोड़ के सवाल पर उन्होंने कहा कि विकास ही उनका राजनीति मेें उतरने का आधार रहा है। इसके लिए यदि उन्हें किसी पार्टी से गठजोड़ करना पड़ा तो वे हिचकेंगे नहीं, बशर्ते वह पार्टी विकास की बात करे। उन्होंने कहा कि जनता जनार्दन ही भाग्य विधाता होती है। इसलिए वे अपनी पार्टी की नींव भी जनता से पूछे बगैर नहीं रखेंगे।

भूख हड़ताल पर बैठे विद्यार्थी

सिरसा। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के विधि विभाग के विद्यार्थी आज विभाग को बार काउंसिल से सम्बंद्धता दिलवाने की मांग को लेकर अनशन पर बैठ गए। उनके साथ विभाग के कई विद्यार्थियों ने धरना दिया। आज दिनभर विधि विभाग में हंगामा रहा। आज सुबह विधि विभाग के विद्यार्थी विभाग को बार काउंसिल से सम्बंद्धता दिलवाने की मांग को लेकर भड़क उठे। विभाग के दो छात्र रोहित, यूनुस व दो छात्राएं चंचल व ममता टैगोर भवन के समक्ष भूख हड़ताल पर बैठ गए। इनके साथ विभाग के अनेकों छात्र भी समर्थन में धरने पर बैठे। विद्यार्थियों ने कक्षाओं का बहिष्कार किया और कक्षाएं ले रहे प्राध्यापकों से भी उलझ गए। प्राध्यापकों ने हालांकि विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे अड़े रहे। इस कारण आज दिन भर विधि विभाग सहित पूरे टैगोर भवन में हंगामे का माहौल रहा। विधि विभाग के विद्यार्थियों का कहना है कि बार काउंसिल से एफिलिएशन न होने के कारण उनकी पढ़ाई का कोई औचित्य नहीं रह जाता। वे अपने जीवन के कई महत्वपूर्ण साल पढ़ाई करके जब विश्वविद्यालय से बाहर निकलते हैं तो उन्हें तवज्जो नहीं मिलती। इससे उनकी पढ़ाई व्यर्थ प्रतीत होती है। भूख हड़ताल पर बैठे विद्यार्थियों का कहना था कि जब तक उनकी मांग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे।

Sunday, 9 March 2014

गौ भक्तों ने जलाया ट्राला

वध के लिए गोवंश ले जाने का आरोप

सिरसा। डिंग थाना क्षेत्र के गांव शेरपुरा में आज गौ तस्करी से भड़के ग्रामीणों ने ट्राले को आग के हवाले कर दिया। इससे पहले उन्होंने ट्रक में ठूंस कर लादे गए 17 गोवंश को गौ तस्करों से मुक्त करवाया। मुक्त करवाए गए गोवंश को गांव की ही श्रीकृष्ण गौशाला में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार गांव शेरपुरा व आसपास के ग्रामीणों को सूचना मिली कि कैरांवाली मार्ग से गोवंश से लदा ट्रक जाने वाला है। गोवंश को गौकशी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही गौभक्तों ने वाहनों पर नजर रखनी शुरू कर दी। इसी दौरान संदेह होने पर यूपी नंबर के एक ट्राले को रुकवाया गया। ट्राले में 17 गोवंश को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। इससे गौ भक्तों में रोष फैल गया। उन्होंने पशुओं को ट्राले से उतारा और ट्राले को आग के हवाले कर दिया। हालांकि गांव का कोई भी व्यक्ति इस बारे में कोई बात नहीं कर रहा।
दमकल विभाग सिरसा को सुबह सवा आठ बजे ट्राले में आग लगने की सूचना मिली। जिस पर दमकल केंद्र से एक गाड़ी आग बुझाने पहुंची। आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक ट्राला चालक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।

अपहरण कांड
मास्टरमाइंड ने उगले राज

सिरसा। सीआईए पुलिस ने ऐलनाबाद के व्यापारी के अपहरण कर 40 लाख की फिरौती मांगने के मामले के मास्टर माइंड रामनिवास से पुलिस रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर पांच लाख रुपये की राशि, एक अवैध पिस्तौल व दो कारतूस बरामद कर लिए हैं। 
गौरतलब है कि फतेहाबाद जिला के गांव किरढ़ान निवासी रामनिवास ने अपने साथियों के साथ ऐलनाबाद के व्यापारी सुभाष का गांव मोरीवाला के समीप से अपहरण कर दो करोड़ की फिरौती की मांग की थी। जांच सीआईए को सौंपा गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही काबू कर लिया था। सीआईए पुलिस ने फिरौती मांगने के मामले के मास्टर माइंड रामनिवास को शुक्रवार को प्रेमनगर क्षेत्र से काबू कर उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर हासिल किया था। रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने फिरौती की पांच लाख रुपये की राशि, वारदात में प्रयुक्त एक अवैध पिस्तौल और दो कारतूस भी बरामद किए है।

ट्राला-कार में टक्कर, पांच घायल

सिरसा। बरनाला रोड स्थित लाल बत्ती चौक पर गत रात्रि कार व केंटर के बीच हुई टक्कर में पांच युवक घायल हो गए। एक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे उपचार के लिए हिसार रेफर किया गया है। चार घायलों को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने केंटर कब्जे में ले लिया है जबकि चालक फरार हो गया। जानकारी के अनुसार बेगू रोड निवासी दिनेश सचदेवा पुत्र कृष्ण अपने चार अन्य साथियों के साथ पीवीआर से फिल्म देखकर लौट रहा था। रात्रि करीब 12 बजे बरनाला रोड स्थित लालबत्ती चौक पर कार को सामने से आ रहे ट्राले ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दिनेश व उसके दोस्त नवीन पुत्र विजय निवासी बेगू रोड, लवली पुत्र सुरेश अरोड़ा निवासी कीर्तिनगर, गौरव लूथरा पुत्र अशोक निवासी बेगू रोड व गौरव पुत्र छगनलाल निवासी कीर्तिनगर घायल हो गए। नवीन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हिसार रेफर कर दिया गया। बाकी चारों का उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने केंटर कब्जे में ले लिया।

Saturday, 8 March 2014

महिला सशक्तिकरण पर दिया बल

महिला दिवस पर अनेक कार्यक्रम

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आज क्षेत्र में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विभिन्न कार्यक्रमों में वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। सामाजिक गोष्ठियों में जहां महिलाओं की स्थिति पर चिंतन किया गया वहीं राजनीतिक कार्यक्रमों में महिलाओं के राजनीति में योगदान व उनके लिए विभिन्न दलों द्वारा लागू की गई नीतियों का गुणगान हुआ। सांसद आवास पर ललित गीताजंली माकन फाऊंडेशन के बैनर तले गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांसद ने भी अपना संदेश मोबाइल के माध्यम से दिया। इसके अलावा कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें बतौर मुख्य अतिथि विधायक गोपाल कांडा की पुत्री सुशीला कांडा ने शिरकत की। सुशीला कांडा ने भास्कर समूह द्वारा आयोजित रैली को हरी झंडी दिखाकर भी रवाना किया। भास्कर समूह द्वारा टाउन पार्क में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें समाज में महिला की मौजूदा स्थिति व उसमें सुधार की गुंजाइश के संबंध में मंथन हुआ। शैक्षणिक संस्थानों में भी आज का दिन महिलाओं के नाम रहा। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय, जननायक चौ. देवीलाल विद्यापीठ तथा सीएमके कॉलेज में मुख्य रूप से कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। ग्रामीण आंचल में भी सामाजिक संस्थाओं द्वारा कार्यक्रम करवाए गए। 
--------------------------------------------------------

सिरसा। ललित गीताजंली माकन फाऊंडेशन की चेयरपर्सन अवङ्क्षतका माकन तंवर ने कहा कि महिलाओं ने आज सभी क्षेत्रों में बुलंदिया छूकर साबित कर दिया है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। कांग्रेस सरकार भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू कर महिला सशक्तिकरण में एक मिसाल कायम की है। श्रीमती तंवर आज हुडा सैक्टर स्थित आवास पर जिला महिला कांग्रेस कमेटी एवं ललित गीतांजलि फाऊंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी को संबोधित कर रही थीं।
कन्या घर का गौरव : सुशीला कांडा
कन्या भ्रूण हत्या रोकने की शपथ लेकर आने वाली पीढिय़ों को संदेश दें कि बेटियां बोझ नहीं अपितु घर का गौरव है। यह बात विधायक गोपाल कांडा की बेटी सुशीला कांडा ने दैनिक भास्कर समाचार पत्र द्वारा आयोजित बेटी बचाओ अभियान के तहत निकाली गई जागरुकता रैली को झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कही। इसके अलावा सुशीला कांडा ने कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम को भी संबोधित किया। यहां पर कार्यक्रम में महिलाओं को सम्मानित किया गया।
वायु सेना केंद्र में हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम
भारतीय  स्टेट बैंक के व्यावसायिक कार्यालय तथा वायु सेना महिला कल्याण एसोसिएशन द्वारा महिला दिवस के अवसर पर वायु सेना केंद्र के प्रांगण में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एसोसिएशन की अध्यक्ष वैशाली राण डे मुख्यातिथि थीं और बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक जमुना लोहिया ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। इस कार्यक्रम में भगत ङ्क्षसह कलामंच कर्मगढ़ की 8वीं कक्षा की बच्चियों ने स्वतंत्र भारती के नेतृत्व में दीमक नाटक प्रस्तुत करके महिलाओं को प्रेरित किया। स्वयं स्वतंत्र भारती और तरन्नुम भारती ने 2 गीत प्रस्तुत करके समां बांध दिया। हरियाणा ज्ञान-विज्ञान समिति रोहतक ने कागज कलम दवात नामक नाटक प्रस्तुत किया।
जेसीडी में हुईं प्रतियोगिताएं
जेसीडी शिक्षण महाविद्यालय एवं जेसीडी मैमोरियल कॉलेज की महिला सैल द्वारा संयुक्त रूप से महिला दिवस के अवसर पर बेस्ट आऊट आफ वेस्ट, रंगोली बनाओ, मेहन्दी रचाओ, पोस्टर मेकिंग, कविता पाठ एवं भाषण इत्यादि  प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि त्रिवेणी शिक्षण महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूनम मोंगा उपस्थित हुई तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जयप्रकाश द्वारा की गई।
सीडीएलयू में गोष्ठी का आयोजन
आज महिलाएं किसी से भी कम नहीं है और प्रदेश में लड़कों से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। अधिकारों की जानकारी न होने के कारण कुछ महिलाएं पीछे रह जाती है। यदि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो जाए, तो वो कभी भी किसी से पीछे नहीं रह पाएंगी। यह विचार चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के कुलपति डॉ राधे श्याम शर्मा ने अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किये। कार्यशाला का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ मनोज सिवाच द्वारा किया गया। इस कार्यशाला में विभिन्न महाविद्यालयों की लगभग 30 वूमन सैल कोडिनेटरर्स ने भाग लिया। इस अवसर पर हरियाणा कला परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को एक लाख पांच हजार रूपये के चेक भी वितरित किये गये। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की युवा कल्याण निदेशिका डॉ दीप्ति धर्मानी, महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ शालिनी, नेहरू युवा केन्द्र के समनवयक नरेन्द्र यादव व हरभगवान चावला ने भी अपने विचार रखे।
युवतियां बनवाएं वोट
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सी.एम.के. कन्या महाविद्यालय के सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मजदूरों ने दिहाड़ी पर रखे मजदूर

सिरसा। भारतीय खाद्य निगम में मजदूरों ने विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत करके से मजदूरों को दिहाड़ी पर रखकर काम करवाया जा रहा है। दिहाड़ीदार मजदूर निगम के रेगूलर कर्मचारियों की जगह पर काम कर रहे है। रेगूलर कर्मचारी केवल हाजिरी रजिस्टर पर उपस्थिति दर्ज करवाकर कथित रूप से फरलो मारते है। खैरपुर निवासी अवतार सिंह पुत्र स्वर्ण सिंह ने भारतीय खाद्य निगम सिरसा (बफर गोदाम)के एएम को पत्र लिखकर निगम व्याप्त अनियमितताओं को उजागर किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि एफसीआई के कर्मचारी स्वयं काम करने की बजाए दिहाड़ी पर मजदूरों से काम करवाते है। रेगूलर कर्मचारियों द्वारा या तो एक दिन पहले ही हाजिरी लगा दी जाती है या फिर वे दो-दो दिन की हाजिरी एक साथ ही लगा देते है। वे स्वयं अन्य कार्यों में व्यस्त रहते है और एफसीआई में उनके स्थान पर दिहाड़ीदार मजदूर काम करते है, जोकि सरासर गलत है। अवतार सिंह ने बताया कि स्पेशल के समय भी एफसीआई के रेगूलर कर्मचारियों  की जगह दिहाड़ीदार मजदूर ही काम करते है। सिरसा से अन्य स्थानों पर स्पेशल की स्थिति में भी दिहाड़ी के मजदूरों से ही काम लिया जाता है। विभाग में यह स्थिति कई वर्षों से चल रही है और विभागीय अधिकारी इस पर आंखें मूंदे हुए है। उन्होंने इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उधर, एफसीआई के एएम हरपाल सिंह से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे मीटिंग में व्यस्त है।

Friday, 7 March 2014

तंवर की टिकट कटी!

सिरसा की बजाय अंबाला से लड़ेंगे चुनाव

इंदौरा होंगे सिरसा से उम्मीदवार : सूत्र

सिरसा। प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा आज हो सकती है। सिरसा से पूर्व सांसद डा. सुशील इंदौरा की उम्मीदवारी तय मानी जा रही है। मौजूदा सांसद व कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर के अंबाला से चुनाव लडऩे की चर्चा है। आज दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक चल रही है। बैठक में हरियाणा, राजस्थान व दिल्ली के लिए प्रत्याशियों पर मंथन जारी है। बताया जा रहा है कि 10 अप्रेल को सर्वप्रथम हरियाणा व दिल्ली में चुनाव होने के कारण इन दोनों राज्यों के प्रत्याशियों की घोषणा शीघ्र की जाएगी।
अब तक जैसी खबरें बाहर आई हैं उनमें हरियाणा से छह मौजूदा सांसदों को टिकट मिलना तय है। इनमें सिरसा के मौजूदा सांसद व हाल ही में प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त हुए डा. अशोक तंवर का नाम भी बताया जा रहा है। लेकिन तंवर के सिरसा से चुनाव लडऩे की संभावना काफी कम है। उन्हें अंबाला से कांग्रेस प्रत्याशी बनाया जा सकता है। इसके अलावा सिरसा से पूर्व सांसद डा. सुशील इंदौरा को मौका दिया जा सकता है। फरीदाबाद से राज बब्बर को प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार राज बब्बर के नाम का अनुमोदन स्वयं मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा किया गया है। यहां पंजाबी बाहुल्य इलाका होने तथा स्टार होने का फायदा उठाने की कोशिश की जा रही है। राज बब्बर भी यहां से चुनाव लडऩे को राजी हैं। इसके अलावा रोहतक से दीपेन्द्र हुड्डा, भिवानी से श्रुति चौधरी, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल, करनाल से अरविंद शर्मा की उम्मीदवारी तय मानी जा रही है। इसके अलावा चंडीगढ़ सीट की घोषणा लगभग हो चुकी है। यहां से कांग्रेस ने पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल को पुन: मौका दिया है।
सिरसा से सांसद डा. अशोक तंवर के प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद से यह माना जा रहा था कि कांग्रेस दोबारा उनपर दांव लगाने को तैयार नहीं है। सिरसा से तो खासतौर पर उनकी टिकट कटी हुई ही मानी जा रही थी। आज जिस तरह की खबर आ रही है उससे इन अटकलों पर भी विराम लगता नजर आ रहा है। लंबे समय से स्वयं को सिरसा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के प्रबल उम्मीदवार बता रहे डा. सुशील इंदौरा की किस्मत खुलती नजर आ रही है। सिरसा लोकसभा सीट से आप द्वारा पहले ही प्रत्याशी की घोषणा की जा चुकी है। यहां से पूनम चंद रत्ती को टिकट मिला है और उन्होंने प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। हजकां-भाजपा गठबंधन व इनेलो की ओर से अभी तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है।

ट्राले ने कुचला युवक

लोगों ने पीछा कर धरा चालक

सिरसा। सांगवान चौक पर आज एक ट्राले ने युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ने ट्राला भगाने का प्रयास किया लेकिन राहगीरों ने उसे धर-दबोचा। मौका पाकर चालक भागने में कामयाब हो गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। ट्राले को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सुभाष बस्ती निवासी गौरव जूस की रेहड़ी लगाता है। आज सुबह वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर जूस हेतु फल इत्यादि लेने रानियां रोड स्थित सब्जी मंडी गया था। वहां से लौटते समय सांगवान चौक पर एक तेज रफ्तार ट्राले ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर से गौरव सड़क पर जा गिरा और चालक उसे कुचलता हुआ ट्राले को भगा ले गया। राहगीरों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर ही ट्राला रुकवा लिया गया। बताया जा रहा है कि ट्राला चालक किसी भी हालत में फरार होने की फिराक में था। वह ट्राला नहीं रोक रहा था। आखिरकार उसका पीछा कर रहे लोगों ने चालक पर पत्थर बरसाकर ट्राले को रुकवाने में सफलता हासिल की। ट्राला रोकते ही चालक मौका पाकर भाग निकला। लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। आज दोपहर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने ट्राले को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि गौरव मूलरूप से झारखंड का रहने वाला है और विगत काफी समय से अपने परिवार सहित सुभाष बस्ती में रह रहा था।

पानी से टेंकर से 4 क्विंटल चूरापोस्त बरामद

कालांवाली। क्षेत्र के गांव सिंघपुरा में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने करीब 4 क्विंटल चूरापोस्त के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पानी की सप्लाई के लिए इस्तेमाल किए जा रहे टैंकर में चूरापोस्त तस्करी का कार्य करते थे। पुलिस ने टै्रक्टर व टैंकर को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। 
थाना प्रभारी सुभाष बिश्नोई ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर द्वारा पानी के टैंकर में चूरापोस्त तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव सिंघपुरा के पास नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान महिन्द्रा ट्रैक्टर को रुकवाया गया जिसके पीछे पानी का टैंकर था। जांच में पाया गया कि टैंकर को अंदर से दो हिस्सों में बांटा गया था जिसमें अगले हिस्से में पानी व पिछले हिस्से में चूरापोस्त के कट्टे रखे गए थे।  करीब 4 क्विंटल चूरापोस्त टैंकर में से पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक व एक अन्य सवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह पुत्र जोरा सिंह निवासी बरनाला व जगतारा सिंह पुत्र कंघा सिंह निवासी बठिंडा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पानी के साथ चूरापोस्त की तस्करी का कार्य करते हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

9 मार्च को बनेंगे नए वोट

सिरसा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अंशज सिंह ने कहा कि जिले के सभी उपमंडल अधिकारी, बीडीपीओ व तहसीलदार नए मतदाता बनाने के लिए 9 मार्च को चलाए जाने वाले विशेष अभियान के दौरान सभी मतदान केंद्रों का दौरा करें। सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने यह बात 9 मार्च को चलाए जाने वाले विशेष अभियान की तैयारियों की समीक्षा करने के उपरांत अधिकारियों को निर्देश देते हुए कही।
सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए 9 मार्च को बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बीएलओ अपने-अपने बूथ पर मतदाता सूची व फार्म छह लेकर उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि इस दिन आवेदन करने वाले सभी मतदाता लोकसभा चुनाव-2014 के लिए मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।

Thursday, 6 March 2014

सोनिया से नहीं मिला सिख प्रतिनिधिमंडल

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किया दावा, सिखों ने नकारा

सिरसा। वोट बैंक की राजनीति इस कदर हावी है कि राजनीतिक दल झूठा प्रचार करने में जरा भी हिचक नहीं करते। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मलकीत सिंह खोसा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सिख प्रतिनिधिमंडल के कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी से मिलने का दावा करते हैं। लेकिन सिख समुदाय के नेताओं का कहना है कि वे सोनिया गांधी से नहीं मिले।
उल्लेखनीय है कि पिछले लंबे समय से हरियाणा में अलग सिख गुरुद्वारा कमेटी की मांग जारी है। विगत दिनों कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के आवास के सामने सिखों ने अपनी आवाज बुलंद करने के लिए झंडा गाड़ दिया। करीब 20 दिन से लगातार सिख धरने पर बैठे हैं। एक आमरण अनशनकारी को प्रशासन ने अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जबकि उसके स्थान पर बैठे स्वर्ण सिंह बराड़ ने कल अनशन समाप्त कर दिया। 
इसी बीच प्रदेशाध्यक्ष तंवर ने सिख प्रतिनिधिमंडल को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी से मिलवाने की गेम खेली। कल प्रतिनिधिमंडल ने श्रीमती गांधी से मिलना था। बताया जा रहा है कि सिख समुदाय के लोग जगदीश सिंह झिंडा, गुरचरण सिंह, अवतार सिंह चक्कू व सांसद आवास पर धरने पर बैठे स्वर्ण सिंह गत दिवस दिल्ली पहुंचे। इसी बीच चुनाव आचार संहिता लगने की सूचना आई। सिख नेताओं का कहना है कि उन्होंने श्रीमती गांधी से मिलने से इंकार कर दिया।
लेकिन आज कांग्रेस जिलाध्यक्ष मलकीत सिंह खोसा ने विज्ञप्ति जारी की, जिसमें उन्होंने सिख प्रतिनिधिमंडल के सोनिया गांधी से मिलने का दावा किया। उनका कहना है कि सोनिया गांधी ने सिख प्रतिनिधिमंडल की बात ध्यान पूर्वक सुनी और सकारात्मक रुख दिखाया।

कांग्रेस का करेंगे विरोध : सिख

सिरसा। एचएसजीपीसी को लेकर आंदोलनरत पूरे प्रदेश के सिखों ने आज कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के आवास के समक्ष डेरा डाला। यहां दिनभर बैठकों का दौर जारी रहा। बैठक का समापन प्रदेश में चुनावों के दौरान कांग्रेस के बहिष्कार के निर्णय से हुआ। इसके अलावा यह फैसला लिया गया कि जो भी अन्य दल एचएसजीपीसी का विरोध करते हैं उन्हें भी चुनावों में सबक सिखाया जाएगा।
आज सुबह करीब 11 बजे से ही प्रदेशभर से एचएसजीपीसी समर्थक सिख नेता यहां जुटने शुरू हो गए। करीब तीन बजे निर्णायक बैठक हुई जिसमें फैसला लिया गया कि एचएसजीपीसी के विरोधी दलों का चुनाव में बहिष्कार किया जाएगा।

फिर होगी सिरसा की देखभाल : गोपाल
शीघ्र मिलेगा क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल

सिरसा। विधायक गोपाल कांडा ने कहा कि सिरसावासियों को शीघ्र ही पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी। 200 करोड़ रुपये की लागत से गांव पंजुआना में नहरी पानी आधारित लगाया जा रहा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बनकर तैयार हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस प्लांट के शुरू होने से सिरसावासियों की बरसों पुरानी नहरी जल आधारित पेयजल की मांग पूरी हो जाएगी। क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ व आरओ युक्त पानी उपलब्ध होने लगेगा। पूर्व गृहराज्यमंत्री एवं विधायक गोपाल कांडा ने यह बात आज अपने आवास पर कही। ज्ञातव्य हो कि गोपाल कांडा गीतिका आत्महत्या प्रकरण में दिल्ली की रोहिणी अदालत से नियमित जमानत मिलने के बाद कल शाम सिरसा पहुंचे थे। यहां पहुंचने पर उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया। आज सुबह से उनके आवास पर समर्थक व अन्य लोग जुटना शुरू हो गए। इस अवसर पर उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि सिरसा की जनता से विधानसभा चुनाव के समय जो वायदे किए गए थे, उनमें से अधिकतर उन्होंने पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि विकास के विरोधी लोगों के कारण ही उन्हें जेल जाना पड़ा। अब वे वापिस आ गए हैं और शहर की देखभाल फिर से वैसे ही कर पाएंगे।

शर्मनाक जश्र

सिरसा। पंजाबी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सेतिया ने कहा कि दो महिलाओं की असमय मृत्यु के जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा जमानत मिलने पर जश्र मनाया जाना शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यह धन बल का भोंडा प्रदर्शन है। यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में सेतिया ने कहा कि उन लोगों को भी शर्म आनी चाहिए जो विधायक गोपाल कांडा के साथ तस्वीरें ङ्क्षखचवा कर और दो-दो बेकसूर महिलाओं के खून से सने लड्डूओं को खाकर अपने आपको धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विस चुनावों में जनता ऐसा कुकृत्य करने वाले नेता को सबक सिखाएगी।

70 पशु करवाए मुक्त
दो कटड़ों की मौत
ट्रक चालक व परिचालक काबू

सिरसा। ओढां थाना पुलिस ने बुधवार रात को गश्त के दौरान एक ट्रक में ठूंस ठूंस कर भरे 70 पशुओं को मुक्त करवाया। पुलिस ने दो पशु व्यापारी, ट्रक चालक व परिचालक को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पशु कू्ररता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। ओढां थाना प्रभारी अमरनाथ ने बताया कि गत रात्रि गश्त के दौरान ओढां टी प्वाइंट पर डबवाली की ओर से आ रहे ट्रक को रुकवाकर जब उसकी तलाशी ली तो उसमें भैंस व कटड़ों को ठूंस ठूंस कर भर रखा था। पुलिस ने ट्रक को ओढां स्थित बाबा संतोख दास गौशाला भिजवाया। उन्होंने बताया कि ट्रक में 14 भैंस व 56कटड़ों को ठूंस ठूंस कर लादा गया था। जिनमें दो कटड़ों की मौत हो गई जबकि करीब एक दर्जन कटड़े अपाहिज हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक में सवार दो पशु व्यापारी अफजल पुत्र सुजाद व खालिद पुत्र मुखत्यार निवासी सहारनपुर उत्तरप्रदेश  तथा चालक राजकुमार पुत्र हंसराज निवासी नागल व परिचालक काला पुत्र वरियाम सिंह निवासी हमजापुर को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कि आरोपियों के खिलाफ पशु कू्ररता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। ये पशु डबवाली से दिल्ली ले जाए जा रहे थे।

Wednesday, 5 March 2014

मुख्यमंत्री के डीएनए टेस्ट की मांग को लेकर इनेलो ने किया प्रदर्शन

सिरसा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के दूसरी स्त्री से शादी करने के मामले का पटाक्षेप करने के बाद आज इनेलो ने शहर में जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के डीएनए टेस्ट करवाए जाने की मांग की और एसडीएम मनजीत सिंह को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्यमंत्री को पद से हटाने की भी मांग की गई है। उल्लेखनीय है कि इनेलो ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा एक पत्नी के रहते दूसरी स्त्री से शादी किए जाने का दावा किया है। उस दूसरी महिला से उनका एक पुत्र होने का दावा भी किया गया है।
आज इनेलो नेता कर्ण चौटाला के नेतृत्व में इनेलो के पदाधिकारी व कार्यकर्ता अनाजमंडी में एकत्रित हुए। यहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कर्ण चौटाला ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री पर पहली पत्नी के रहते बिना तलाक लिए किसी अन्य महिला के साथ शादी करने के आरोप लगे हैं। इस महिला से भूपेंद्रसिंह हुड्डा के एक पुत्र भी है। उन्होंने कहा कि बेशक अदालत से याचिकाकर्ता ने किन्हीं अज्ञात कारणों से ये मुकद्दमा वापस ले लिया है लेकिन इसके बावजूद भूपेंद्र सिंह हुड्डा का आचरण हिंदु मैरिज एक्ट के तहत पूरी तरह से गैर कानूनी है और घोर अनैतिक है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में शुचिता बनाए रखने से ही नेता समाज का विश्वास बनाए रखने में सफल होते हैं और स्पष्टत: मुख्यमंत्री हुड्डा इस कसौटी पर वैधानिक एवं नैतिक कसौटी पर खरे नहीं उतरे हैं। इसलिए उनका डीएनए टेस्ट करवाने के साथ-साथ उन्हें मुख्यमंत्री पद से अविलंब हटाया जाए। बाद में कार्यकर्ता राज्य सरकार व मुख्यमंत्री भूपेंद्रसिंह हुड्डा के खिलाफ नारे लिखित तख्तियां लेकर जनता भवन, सुभाष चौक, रोड़ी बाजार, हिसारिया बाजार, परशुराम चौक होते हुए प्रदर्शन करते हुए सुरखाब चौक पहुंचे और वहां एसडीएम मनजीत सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष पदम जैन, शहरी जिलाध्यक्ष प्रदीप मेहता, विधायक कृष्ण कंबोज, विधायक चरणजीत सिंह, जिला परिषद के चेयरमैन डॉ. सीताराम आदि मौजूद थे।

जनहित संघर्ष दिवस पर हजकां-भाजपा ने किया प्रदर्शन

सिरसा। हजकां-भाजपा के गठबंधन कार्यकर्ता आर.के.पी. नेहरू पार्क में भाजपा नेता यतिन्द्र सिंह एडवोकेट व हजकां ग्रामीण जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह भाम्भू की अध्यक्षता में आज सुबह भारी संख्या में एकत्रित हुए। यहां से रोष मार्च निकाला गया। मार्च जगदेव सिंह चौक, सुभाष चौक, लालबत्ती चौक से होते हुए हजकां-भाजपा कार्यकर्ता लघु सचिवालय पहुंचे। यहां प्रदेश सरकार की नाकामियों बारे उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। नेहरु पार्क में जनसभा को संबोधित करते हुए हजकां के जिलाध्यक्ष कुलदीप भाम्भू ने कहा कि 5 मार्च का दिन जनहित संघर्ष दिवस के रूप में समर्पित है। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में मुख्यमंत्री हुड्डा ने कई बार लोकतांत्रिक मर्यादाओं को छिन्न-भिन्न करके अपनी तानाशाही दिखाते हुए लाठी व गोली के दम पर आम आदमी की आवाज को कुचलने की कुचेष्ठा की है। हरियाणा के इतिहास में 5 मार्च 2010 ऐसा दिन है जिस दिन सत्ता के नशे में चूर एक अहंकारी सत्ताधारी ने अपने पद का दुरूपयोग करते हुए जनहितों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बर्बतापूर्ण कार्यवाही की थी। उन्होंने कहा कि इस दिन सभी पार्टी कार्यकर्ता समान रोजगार के अवसर, सभी 90 हल्कों में समान विकास, क्षेत्रवाद को बढ़ावा दिए जाने पर रोक, जबरन भूमि अधिग्रहण पर रोक, पानी का समान बंटवारा एवं एस.वाई.एल., लोगों को पर्याप्त बिजली, डीजल, पेट्रोल के बढ़ते दामों पर रोक, बदहाल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, महंगाई पर नियंत्रण आदि जनहित मुद्दों को लेकर चण्डीगढ़ में हजकां सुप्रीमो चौ. कुलदीप बिश्नोई के नेतृत्व में विधानसभा के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। कार्यकर्ताओं की बातों को सुनने की बजाय हुड्डा सरकार ने इस दिन सभी नियम, कायदों को ताक पर रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले दागे।

पीट-पीटकर कर कबाड़ी की हत्या

सिरसा। रेलवे कालोनी में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे कारण अवैध संबंध बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार गांव कंगनपुर निवासी प्रताप सिंह (42) पुत्र पंजाब सिंह आटो मार्केट में कबाड़ का काम करता था। बताया गया कि प्रताप सिंह पिछले पांच माह से रेलवे कालोनी में किराए के मकान में रह रहा था। उसके साथ गुरमीत कौर व उसका बेटा गोपी भी रहते थे। आज सुबह प्रताप सिंह ऑटो मार्केट स्थित अपनी दुकान पर आया। इस दौरान गोपी भी दुकान पर पहुंच गया और दोनों घर पहुंचे। यहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। मामला बिगड़ गया और गोपी व उसकी मां ने प्रताप को जमकर पीटा जिससे वह बेसुध हो गया। घबराकर गोपी व गुरमीत कौर उसे निजी अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गोपी व गुरमीत कौर फरार हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस टीम ने पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल पहुंचाया।  बताया जाता है कि प्रताप सिंह की पत्नी छिंद्रकौर बच्चों सहित कंगनपुर में रहती है। प्रताप की मौत की जानकारी परिजन अस्पताल पहुंचे।

रसोई गैस सिलेंडर फटने से हजारों का घरेलू सामान जला

सिरसा। गांव बाजेकां में आज दोपहर को घर में खाना बनाते समय गैस लीक होने से रसोई गैस सिलेंडर फट गया। जिससे घर में बने तीन कमरों में आग लग गई। आग से हजारों रुपए का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार गांव बाजेकां निवासी महेंद्र सिंह राजपूत की पत्नी आज दोपहर गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। बताया गया कि इसी दौरान अचानक गैस लीक हो गई और सिलेंडर में आग लग गई। आग लगने पर घर के सदस्य घर से बाहर भाग गए। दमकल विभाग में आग की सूचना दी गई। इसी दौरान सिलेंडर फट गया। जिससे घर में बने तीन कमरों में आग लग गई। आग से कमरों में रखा टीवी, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, बैड व अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

हरियाणा में लोकसभा चुनाव 10 अपै्रल कोआर्दश चुनाव संहिता लागू

सिरसा, 05 मार्च। चुनाव आयोग की ओर से लोकसभा चुनाव-2014 की गई अधिसूचना अनुसार हरियाणा में 10 अप्रैल को चुनाव होंगे। प्रदेश में बुधवार से ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीकांत वालगाद ने सभी जिला उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को आदेश दिए कि वे अपने अपने क्षेत्र में चुनाव आचार संहिता की अनुपालना सुनिश्चित करें। 
वालगाद बुधवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से चुनाव अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार व जिला प्रशासन की योजनाओं व कार्यक्रमों को प्रचारित करते हुए होर्डिंग्स व बैनर उतार कर चुनाव आयोग को रिपोर्ट करें। इसके साथ-साथ वॉल पैंटिंग व अन्य प्रचारित सामग्री को भी हटवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नौ मार्च को सभी जिला के मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी तैनात रहेंगे जो मतदाता सूची के साथ-साथ अन्य प्रकार की जानकारी भी आमजन को उपलब्ध करवाएंगे। 
जिला निर्वाचन अधिकारी अंशज सिंह ने जिला में अभी तक किए गए चुनाव संबंधो के बारे में बताया कि चुनाव खर्च निगरानी तंत्र में शामिल अधिकारियों की बैठक ले चुके है। जिला में 105 अधिकारियों को 12 कमेटियों में शामिल किया गया है। उन्होंने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर भी यह बताया है कि हरियाणा परिवेंशन ऑफ डिफेसमैंट आफ पब्लिक प्रोपर्टी एक्ट 1996 के अंतर्गत दंडनीय होगा जिसमें छह माह की कैद व जुर्माना जो कि एक हजार तक किए जाने का प्रावधान है। इस प्रकार के मामले सामने आने पर दोषियों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। सभी राजनीतिक दलों द्वारा रैली या जनसभा करने के लिए उनसे/प्राधिकृत अधिकारी से अनुमति लेनी होगी। अनुमति लेने हेतू प्रार्थना पत्र के साथ एनैक्सचर 16 भरकर देना होगा। 
उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों/प्रतिनिधियों से अपील की कि वे आमजन में ज्यादा से ज्यादा यह प्रचार करें कि ज्यादा लोग मतदान में हिस्सा लें। इसके लिए स्वीप एक्टिविटी के तहत भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा जिसमें होर्डिग्स/बैनर के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं और शहरी क्षेत्रों में मतदान की प्रतिशतता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

Tuesday, 4 March 2014

कांडा को मिली नियमित जमानत

देश से बाहर नहीं जा सकेंगे कांडा

सिरसा। विधायक गोपाल कांडा को आज दिल्ली की रोहिणी अदालत ने नियमित जमानत दे दी। पूर्व मंत्री एवं विधायक गोपाल कांडा एमडीएलआर एयरलाइंस की पूर्व कर्मचारी गीतिका शर्मा सुसाइड केस में मुख्य आरोपी हैं। इससे पहले सितंबर में कांडा अंतरिम जमानत पर एक माह के लिए जेल से बाहर आए थे। सूत्रों के मुताबिक जेल से छूटने के बाद कांडा सीधे सिरसा आएंगे और श्री बाबा तारा कुटिया में माथा टेकेंगे। कांडा को नियमित जमानत का समाचार जैसे ही सिरसा पहुंचा, उनके समर्थकों ने खुशियां मनानी शुरू कर दीं। समर्थकों ने खूब पटाखे फोड़े और कांडा कार्यालय में पहुंचकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई।
ज्ञातव्य हो कि 18 अगस्त 2012 से कांडा तिहाड़ जेल में हैं। इस मामले में सह आरोपी अरुणा चड्डा को पहले ही नियमित जमानत मिल चुकी है। कांडा की जमायत याचिका पर अदालत में कार्रवाई चल रही थी। दोनों पक्षों की बहस पूरी होने के बाद न्यायालय ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। आज दोपहर कांडा की अदालत में पेशी हुई। न्यायालय ने सिरसा के विधायक व पृर्व गृहराज्यमंत्री गोपाल कांडा की नियमित जमानत याचिका मंजूर कर ली। जमानत के दौरान कांडा को विदेश जाने की अनुमति नहीं है। न्यायालय ने उनके पासपोर्ट जमा कर लिए हैं। सूत्रों के मुताबिक कांडा आज देर शाम तक सिरसा पहुंचेंगे और कल समर्थकों से मुलाकात करेंगे।

सिखों ने किया उपायुक्त कार्यालय का घेराव

सिरसा। अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मांग को लेकर सांसद आवास के सामने धरने पर बैठे सिखों ने आज डीसी कार्यालय का घेराव किया। इसके साथ ही प्रदर्शनकारी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए अनशनकारी जरनैल सिंह बराड़ की रिहाई की मांग भी कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा। प्रदर्शनकारियों के रवैये को देखते हुए पुलिस प्रशासन चौकन्ना था। लघु सचिवालय परिसर में भी प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की पैनी निगाह रही।
नहीं करेंगे समझौता : झिंडा
आज सुबह विभिन्न क्षेत्रों से सिख समुदाय के लोग सांसद आवास के सामने धरना स्थल पर एकत्रित हुए। यहां पर प्रदेश में अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मांग बुलंद करने वाले सिख नेता जगदीश सिंह झिंडा और सुखविन्द्र खालसा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब तक सिख समुदाय की मांग पूरी नहीं हो जाती उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हमेशा सिखों को भटकाने का कार्य करती है। चुनावों के दौरान वायदे किए जाते हैं लेकिन पूरे कभी नहीं होते। इस बार ेऐसा कतई नहीं होने दिया जाएगा। समुदाय के लोग अपनी मांग को लेकर मर जाएंगे लेकिन किसी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे।
बिजली संघर्ष समिति ने दिया समर्थन
अनशनकारियों को आज बिजली संघर्ष समिति ने भी अपना समर्थन दिया। समिति के प्रदेश संयोजक रोशन सुचान के नेतृत्व में अनेक सदस्य धरना स्थल पर पहुंचे और सिखों समुदाय की आवाज को बुलंद किया।
प्रदर्शनकारियों ने किया उपायुक्त कार्यालय का घेराव
धरना स्थल से सिख समुदाय के लोग सिख नेता जगदीश सिंह झिंडा के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त कार्यालय के समक्ष पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी की और कार्यालय का घेराव किया। पुलिस द्वारा हालांकि पार्किंग स्थल पर बने गेट को बंद कर दिया गया था, लेकिन प्रदर्शनकारी अडिग रहे। गेट के सामने धरना देकर उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर दिया। इसके पश्चात नवनियुक्त उपायुक्त अंशज कुमार स्वयं प्रदर्शनकारियों के पास आए और ज्ञापन लिया।
आमरण अनशन जारी
उधर आमरण अनशन पर बैठे स्वर्ण सिंह की हालत धीरे-धीरे बिगड़ती जा रही है। उनका रक्तचाप सामान्य नहीं है और कमजोरी भी बढ़ती जा रही है। आज चिकित्सकों ने दिन में कई बार उनकी स्वास्थ्य जांच की। इसके अलावा अस्पताल में उपचाराधीन जरनैल सिंह बराड़ की भी हालत ठीक नहीं बताई जा रही। वे उपचार नहीं लेना चाह रहे। उनका आरोप है कि उन्हें जबरन नशा दिया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें उपचार देना संवैधानिक व कानूनी तौर पर जरूरी है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

सिरसा। गांव साहुवाला द्वितीय के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हेा गई। आज सिरसा के सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गंगानगर निवासी इंद्राज पुत्र सुल्ताना गांव दड़बा में जमीन की काश्त करता है। कल शाम वह गंगानगर से मोटरसाइकिल पर दड़बा आ रहा था। गांव साहुवाला द्वितीय के निकट अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही इंद्राज की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद चौपटा पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल भिजवाया गया। आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Monday, 3 March 2014

किसान से 25 हजार की नकदी छीनी

सिरसा। डबवाली मंडी में सब्जी बेचकर लौट रहे किसान से एक युवक ने मारपीट कर 25 हजार रुपये छीन लिए। झगड़े में किसान घायल हो गया जिसे उपचार के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। गोल चौकी पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार ओढां निवासी बलजिन्द्र पुत्र दारा सिंह गांव में ही खुम्बी का फार्म चलाता है। आज सुबह वह डबवाली मंडी में खुम्बी बेचकर वापिस लौट रहा था। आरोप है कि जैसे ही वह कार में सवार होने लगा तो पास ही रुई पिंजन का कार्य करने वाले मुन्ना नामक युवक ने उसके पीछे अपना कुत्ता लगा दिया। इसके बाद मुन्ना ने तेजधार हथियार से उस पर वार किया जिससे वह घायल हो गया। आरोप है कि युवक उससे 25 हजार रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गया।  घायल बलजिन्द्र को सिरसा के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद गोल चौकी प्रभारी कृष्ण ठाकुर अस्पताल पहुंचे और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी युवक को पूछताछ के लिए चौकी में बुलाया। आरोपी मुन्ना ने बताया कि बलजिन्द्र ने कार के नीचे कुत्ते को कुचलने का प्रयास किया जिसके बाद उनमें कहासुनी हो गई। उसने नकदी नहीं छीनी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भट्ठा मजदूरों ने किया प्रदर्शन

सिरसा। लाल झंडा भट्ठा मजदूर यूनियन के सदस्यों ने आज विभिन्न मांगों को लेकर लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना देकर प्रदर्शन किया। 
प्रदेशकारियों का नेतृत्व यूनियन के राज्य महासचिव विनोद कुमार  व राज्य प्रधान रमेश चंद्र ने किया। उन्होंने कहा कि सिरसा जिला समेत कई जिलों में मजूदर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे है व मालिक मजदूरों की मजदूरी में बढोतरी करने की बजाय आंदोलन को दबाना चाहते है। उन्होंने कहा कि छह मार्च को सिरसा में राज्य स्तरीय प्रर्दशन किया जाएगा जिसमें राज्यभर के मजदूर भाग लेंगे। उन्होंने भ_ा मालिकों द्वारा मजदूरों की मजदूरी दर न बढ़ाने की आलोचना करते हुए इसे मजदूर विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि भट्ठों पर कोई श्रम कानून लागू नहीं है, मजदूरों के नाम रजिस्टर तक में दर्ज नहीं किए जाते, भट्ठा मजदूरों को पीएफ, बोनस, ईएसआई का लाभ नहीं दिया जा रहा जो कि हर साल करोड़ो रूपए मजदूरों के हिस्से के मालिक डकार जाते हैं। उन्होने कहा भिवानी में बापोड़ा जोन समेत 24 भट्ठा मालिकों के साथ नई मजदूरी दरों को लेकर समझौता हो चुका है। यूनियन नेताओं छोटे भट्ठा मालिकों से अपील करते हुए कहा कि वो भी बड़े भ_ा मालिकों की साजिश को समझें तथा मिल बैठकर शातिंपूर्ण माहौल मे मजदूरों की समस्यााओं व मांगों का समाधान करके अपने अपने भट्ठा पर उत्पादन जारी रखे। उन्होंने कहा कि यदि मालिक ऐसा नही करते है तो मजदूर आंदोलन को और तेज करेगे जिसके लिए खुद भ_ा मालिक ही जिम्मेदार होगें।

सवारी गाड़ी से कटी वृद्धा

सिरसा। चत्तरगढ़पट्टी कालोनी के समीप आज सुबह यात्री  गाड़ी की चपेट में आने से एक वृद्धा की मौत हो गई। सूचना मिलने पर  राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार गांव खैरेकां निवासी शांति देवी (75)पत्नी स्व. आत्माराम सिरसा स्थित चत्तरगढ़पट्टी कालोनी में अपने रिश्तेदारों के यहां शादी समारोह में भाग लेने आई हुई थी। बताया गया कि आज सुबह शांतिदेवी शौच के लिए घर से निकली। जैसे ही वह रेलवे लाइन पार करने लगी कि यात्री गाड़ी की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के दोहते कर्ण सिंह ने बताया कि उसकी नानी शांतिदेवी को कम सुनाई देता है। जांच अधिकारी जगदीश राय ने बताया कि मृतका के दोहते कर्ण सिंह के बयान पर सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

Saturday, 1 March 2014

व्यापारी से 30 लाख की ठगी

असली दिखाकर दिया नकली सोना
दुकान से नकदी लेकर हुए फरार
दो पुरुष व एक महिला ने दिया ठगी को अंजाम

सिरसा। डबवाली रोड पर स्थित ताऊ दी हट्टी के संचालक को नकली सोना देकर एक महिला व दो पुरुष 30 लाख रुपये ठग कर ले गए। तीनों ने दुकानदार को पहले सोने का सैंपल दिया जिसे उसने स्वर्णकार को दिखाया। सोना असली था जिसपर उसे तसल्ली हो गई। इसके बाद तीनों पुन: दुकान पर पहुंचे और दुकानदार को अपने जाल में फंसा लिया। दुकानदार को बताया गया कि वे तीनों खुदाई का कार्य करते हैं और मिट्टी खोदते समय उन्हें सोना मिला है जिसे वे बाहर नहीं बेच सकते। आरोपियों ने दुकानदार से सारा सोना खरीदने की बात कही। दुकानदार को बताया गया कि करीब 60 लाख रुपये कीमत का सोना है जिसमें सोने की ईंट व कुछ आभूषण हैं। आरोपियों ने दुकानदार को सारा सामान दिखाया और 30 लाख रुपये में सौदा तय किया। दुकानदार ने सोना रख लिया और आरोपियों को तीस लाख का भुगतान कर दिया। इसके बाद दुकानदार ने स्वर्णकार के पास पहुंचकर सोने की जांच करवाई तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। सारा सोना नकली था।
डबवाली रोड पर अरुण सिंगला पुत्र नारायण दास सिंगला की ताऊ दी हट्टी के नाम से दुकान है। दुकान पर वह वाहनों के रेडियेटर बेचने का कार्य करता है। ठगी का शिकार होने के बाद अरुण अपने पिता नारायण के साथ शहर थाना पहुंचा। शहर थाना में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में आरोपियों का मोबाइल नंबर भी दिया गया है। अरुण का कहना है कि इसी नंबर से उसके पास फोन आया था और वह ठगी का शिकार हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डेरा प्रमुख ने भुगती पेशी

सिरसा। साध्वी यौन शोषण व रणजीत हत्याकांड में सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष आज डेरा प्रमुख ने पेशी भुगती। इस दौरान डेरा प्रमुख के अधिवक्ता द्वारा यौन शोषण मामले में बचाव के लिए 98 गवाहों की पेश की गई सूची पर जमकर बहस हुई। सीबीआई के अधिवक्ता ने उक्त लंबी-चौड़ी सूची का विरोध किया।
ज्ञातव्य हो कि साध्वी यौन शोषण प्रकरण व रणजीत हत्याकांड में आज डेरा प्रमुख की पेशी थी। आज रणजीत हत्याकांड में सीबीआई के जांच अधिकारी रहे डा. अरमानदीप सिंह ने अपनी गवाही दर्ज करवाई। तत्पश्चात साध्वी यौन शोषण प्रकरण में डेरा प्रमुख के धारा 313 के तहत हुए बयानों के बाद बचाव पक्ष द्वारा अपने 98 गवाहों की सूची अदालत को सौंपी गई थी, जिनकी गवाही के लिए अदालत से स्वीकृति मांगी गई। सीबीआई के अधिवक्ता ने उक्त सूची पर बहस कराने की मांग की। दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई। अदालत ने 98 में से बचाव पक्ष के 22 गवाहों को अदालत में बुलाए जाने की स्वीकृति दी है। सीबीआई के विशेष जज आरके यादव ने यौन शोषण मामले में आगामी 22 मार्च तारीख निर्धारित की है वहीं रणजीत हत्याकांड में 28 मार्च को डेरा प्रमुख को अदालत में हाजिर होना पड़ेगा। ज्ञातव्य हो कि छत्रपति हत्याकांड में भी 11 मार्च को सुनवाई होनी है।

हादसे में कैंटर चालक की मौत

सिरसा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव साहुवाला के निकट एक कैंटर व दूध के टैंकर में हुई भिड़ंत में टैंकर चालक की मौत हो गई। हादसे में कैंटर चालक भी घायल हो गया। राहगीरों ने उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया और सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। 
मिली जानकारी के अनुसार पेहवा निवासी जगतार सिंह पुत्र कुलदीप सिंह कैंटर में कीनू लादकर अबोहर से वापिस लौट रहा था। वहीं  अबोहर निवासी सतीश पुत्र नंदलाल दूध का टैंकर लेकर गंगानगर जा रहा था। गांव साहुवाला के निकट कैंटर व टैंकर में जबरदस्त भिडं़त हो गई। हादसे में कैंटर चालक जगतार सिंह की मौत हो गई। मामले की जानकारी राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। आज यहां शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।

ग्रामीणों ने धरे केबल चोर

सिरसा। गांव तारुआना में केबल चोरी करने वाले एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने आज धर दबोचा। ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उल्लेखनीय है कि गांव तारुआना के किसान विगत काफी समय से खेतों में मोटरों की केबल चोरी की घटनाओं से परेशान थे। आए दिन किसी न किसी किसान के खेत से केबल चोरी की घटना सामने आ रही थी। इस संबंध में पुलिस को भी शिकायत दर्ज करवाई गई थी। 
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह किसान बलकरण सिंह ने गांव के ही मेशी पुत्र दर्शन सिंह को अपने घर में केबल की तार को जलाकर तांबा निकालते देखा। उसने इसकी जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी। सभी एकत्र होकर मेशी के घर पहुंचे और उससे कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में मेशी ने अपने एक अन्य साथी लाला पुत्र भरपूर सिंह का नाम भी उगल दिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

अवार्डी सरपंच पर आई आफत
सस्पेंड कर बैठाई जांच, रिकार्ड जलाने का है मामला

सिरसा। प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार से पूरे देश में अव्वल रहने पर अवार्ड हासिल करने वाले गांव कालूआना के सरपंच एक नई आफत में फंस गए हैं। दरअसल सरपंच पर आरोप है कि उन्होंने एक रिकार्ड जला डाला और इसका खुलासा आरटीआई के तहत हुआ। मामला जिला प्रशासन के पास पहुंचा तो सम्मान पाने वाले सरपंच को सस्पेंशन के ऑर्डर मिले हैं। इसके अलावा एडीसी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उधर सरपंच जगदेव सहारण का कहना है कि मामला हाईकोर्ट में जाने के बाद खुद की खाल बचाने के लिए प्रशासन ने आनन-फानन में निर्णय लिया है।
गांव कालूआना निवासी विजेंद्र सिंह को सरपंच की गतिविधियों पर कुछ संदेह हुआ। लिहाजा, उसने आरटीआई के तहत कुछ सवालों के जवाब मांग लिए। इसके बाद 30 जून 2011 को सरपंच की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें कहा गया था कि रिकार्ड जल गया, इसलिए वे विजेंद्र के सवालों का जवाब नहीं दे सकते। फिर मामला प्रशासनिक अधिकारियों के पास पहुंचा और आरोप लगाया गया कि रिकार्ड जला नहीं बल्कि जलाया गया है। सरपंच संदेह के घेरे में आ गए। जांच में यह बात पुख्ता भी हुई। इसके बाद 12 फरवरी को उपायुक्त के आदेश पर बीडीपीओ रामसिंह ने थाना सदर डबवाली में सरपंच के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। सदर पुलिस ने सरपंच जगदेव  सहारण सहित उसके भतीजे लीलाधर तथा रोजगार सहायक प्रेम कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया था। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार इस मामले के तहत बीती 25 फरवरी को डीसी ने उक्त सरपंच को अपने कार्यालय में तलब किया और 28 फरवरी की शाम को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए। इसके अतिरिक्त एडीसी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

मानवरहित फाटक पर हादसा
मृतकों की संख्या हुई छह

सिरसा। गांव सुचान के पास मानवरहित रेलवे फाटक पर हुए हादसे में मृतकों की संख्या छह हो गई। आज सुबह शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व गांव जोधकां से वापिस लौट रहे बारातियों की कार सुचान के पास मानवरहित फाटक पर मालगाड़ी की चपेट में आ गई थी। हादसे में मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई थी जबकि सुभाष पुत्र नत्थूराम और उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सुभाष का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था जहां गत रात्रि उसकी मौत हो गई। आज सुबह सामान्य अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर वारिसों को सौंप दिया। 

कांग्रेस रच रही सिखों को बांटने की साजिश : बलकौर
अलग कमेटी की मांग को एसजीपीसी ने बताया राजनीतिक पैंतरेबाजी
एचएसजीपीसी की मांग को लेकर संघर्षरत हैं सिख

सिरसा। हरियाणा में अलग सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मांग को लेकर सिखों का एक धड़ा गत 14 फरवरी से सांसद अशोक तंवर के निवास के समक्ष धरने पर है। सिखों का 21 फरवरी से आमरण अनशन भी जारी है। सिखों की इस मांग को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य बलकौर सिंह ने नाजायज ठहराते हुए कहा कि यदि  हरियाणा में अलग कमेटी बनती है तो सिख सड़कों पर उतरेंगे।  सूरतगढिय़ा बाजार स्थित गुरुद्वारा दसमी पातशाही में शनिवार सुबह पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी)के सदस्य बलकौर सिंह ने कहा कि हरियाणा के सिखों की अलग कमेटी की कोई मांग नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीति चमकाने के लिए कुछ तथाकथित नेता इस प्रकार की मांग उठा रहे हैं। उन्होंंने कहा कि जगदीश सिंह झींडा कांग्रेस के कहने पर सिरसा में आकर लोगों को गुमराह कर रहे है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व झींडा ने पूरे प्रदेश में अपनी राजनीति चमकाने के लिए यात्रा निकाली थी तथा 90 लाख से अधिक रुपए इक_े किए थे, जिनका उसने कोई हिसाब किताब नही दिया। उन्होंने कांग्रेस पर भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा सिखों को दो फाड़ करने की कोशिश की जा रही है जिसे सिख किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। बलकौर सिंह ने कहा कि हरियाणा के गुरूद्वारों में जितनी आय होती है उसका 65 प्रतिशत हरियाणा के गुरूद्वारों पर ही खर्च होता है तथा 35 प्रतिशत ही शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी को जाता है। उन्होंने बताया कि सिरसा में लड़कियों के लिए अलग से इंजीनियरिंग कालेज बनेगा। इसके लिए प्रेमनगर क्षेत्र में 15 एकड़ जमीन दी गई है। इस अवसर पर उनके साथ  जगसीर सिंह मांगेआना डबवाली, जगसीर सिंह जंडवाला, नक्षत्र सिंह पूर्व प्रधान झोरडरोही  आदि मौजूद थे।
उधर हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य अलग कमेटी की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से सांसद अशोक तंवर के निवास के समक्ष धरना दे रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा का कहना है कि हरियाणा में अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी शीघ्र बननी चाहिए। इस मांग को लेकर हरियाणा शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीपीसी) के नेताओं ने आमरण अनशन शुरू किया हुआ है। उन्होंने कहा कि आमरण अनशन पर बैठे जरनैल सिंह बराड़ को प्रशासन ने जबरदस्ती उठाकर उसे अस्पताल में बंधक बनाकर रखा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों द्वारा जरनैल सिंह बराड़ को जबरदस्ती नशे के इंजेक्शन देकर सुलाया गया है। उन्होंने कहा कि जरनैल सिंह बराड़ की जगह रतिया का स्वर्ण सिंह बराड़ आमरण अनशन पर बैठ गया है। उन्होंने कहा कि वे अलग गुरुद्वारा कमेटी के लिए कोई भी कुर्बानी देने को तैयार है। यदि उनकी मांग नहीं मानी जाती तो वे चुनाव में कांग्रेस का डटकर विरोध करेंगे।

Friday, 28 February 2014

कर मुक्त बजट पेश

हरियाणा की आर्थिक विकास दर 8.7 फीसदी

चंडीगढ़। हरियाणा के वित्त मंत्री हरमोहिंदर सिंह चट्ठा ने आज विस पटल पर प्रदेश का कर मुक्त बजट प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीते वर्ष अथाह विकास हुआ है, उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक विकास दर 8.7 फीसदी है जबकि राष्ट्रीय आर्थिक विकास दर 8 फीसदी ही है। जिससे प्रदेश में हुए विकास का अनुमान लगाया जा सकता है। चट्ठा ने कहा कि सरकार को राजस्व से 4,163.95 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं, जबकि गैर राजस्व प्राप्तियां 1401.42 करोड़ की हैं। विभिन्न करों से सरकार ने 30234.52 करोड़ रुपए प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष में राजस्व से 47690.14 करोड़ रुपए प्राप्त होने का अनुमान है।
बजट में आगामी वित्त वर्ष में कृषि क्षेत्र के लिए 2156.31, बिजली के लिए 5360.14, रोड ट्रास्पोर्ट के लिए 4987.80, सिंचाई के लिए 2209.9, जन स्वास्थ्य के लिए 2427.99, शहरी विकास के लिए 3006.71 और तकनीकी शिक्षा के लिए 880.81 करोड़ रुपए का प्रावधान रख गया है। उधर, विपक्ष ने पेश किए गए बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बजट में नया कुछ भी नहीं है और यह जनता के हित में नहीं है। 
क्या हुआ था इससे पूर्व: हरियाणा का बजट सत्र प्रश्रकाल के दौरान हंगामे के बीच शुरू हुआ। सत्र शुरू होते ही भाजपा के विधायकों ने सदन में शोर-शराबा शुरू कर दिया। विपक्ष ने सदन के बाहर सरकार पर घोषणाओं का आरोप लगाते हुए भाजपा ने सदन से वाक आउट कर दिया। प्रश्नकाल के दौरान इनेलो के विधायकों ने संसदीय सचिव रामकिशन फौजी की सीडी को लेकर सदन में हंगामा किया। इस मसले को लेकर इनेलो सदन से वाक आउट कर गई। प्रश्नकाल के बाद तीन बजे विधानसभा पटल पर वित्त मंत्री हरमोहिंदर सिंह च_ा वित्त वर्ष 2014 व 2015 के बजट अनुमान प्रस्तुत किए।

गांव में फर्जीवाड़ा, सरपंच ने नहीं दी सही सूचना

सिरसा। निकटवर्ती गांव रामनगरिया निवासी सुभाष सैनी पुत्र रामलाल सैनी ने सरपंच पर आरटीआई एक्ट के तहत दी सूचना में गुमराह करने तथा आरटीआई में लगाई प्रार्थना को वापिस लेने का दबाब बनाने का आरोप लगाया है। जिला प्रशासन को लिखे पत्र में सुभाष सैनी ने मांग की है कि प्रशासन गांव में हुए फर्जीवाडे मामले में निष्पक्ष जांच करें। 
रामनगरिया निवासी सुभाष ने बताया कि उसने सरपचं से आरटीआई के तहत सूचना मांगी थी। जिसमें सरपंच ने सुचना देने में गुमराह किया व मेरी आईटीआई में लगाई प्रार्थना पत्र को वापिस लेने का दबाब बनाया गया। उसके बाद सुचना उपलब्ध कराई गई। उस सूचना में फर्जी तरीके से पंचायत को लाखों रुपए का चूना लगा लगाया गया है और उसके बाद जब मैने जांच बिठाई। सरपंच उस जांच को हर तरह से दबाना चाहता है और गांव के लोगों को गुमराह कर रहा है कि मैं श्मशान भूमि और पंचायती धर्मशाला का काम रूकवाना चाहता हूं। जबकि मैने इन दोनो कामों को रूकवाने के लिए कोई भी कार्रवई नही की है। सरपंच कुछ गांव वालों को बहला फुसला कर किसी को गुलाबी कार्ड व किसी को 100 गज का प्लांट दिलाने का झांसा दे रहा है। इसके साथ ही रिश्तेदारों को लेकर जांच के दिन जांच को प्रभावित करने के लिए अफसरों पर दबाब बना रहा था। सरपंच जांच को प्रभावित करने के लिए कुछ भी कर सकता है व मेरे उपर जांच बंद करने का पंचायती तौर पर दबाब बना रहा है। गांव में हुए फर्जीवाडे में सरपंच ने अपने रिश्तेदारों व अपने कुछ चहेतों को लाखों रूपए का लाभ पहुंचाया है। उसने कहा कि वे प्रशासन से उच्च व निष्पक्ष जांच करवाने की मांग करते है। 

Thursday, 27 February 2014

मिट्टी में दबा युवक

खोद रहा था कुई, बचाने में जुटे प्रशासन और ग्रामीण

सिरसा। गांव गदराना में पुरानी कुई से ईंटे निकालते समय मिट्टी का तोंदा गिरने से एक युवक दब गया। समाचार लिखे जाने तक मजदूर को निकालने का प्रयास जारी था।
मिली जानकारी के अनुसार गांव गदराना निवासी गुरदेव अपने खेत में बनी पुरानी कुई से ईंटें निकलवाने का कार्य करवा रहा था। गुरदेव का 20 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुई के अंदर था। दोपहर करीब 3 बजे मिट्टी का तोंदा गिरा और अमरजीत उसके नीचे दब गया। मामले की सूचना मिलने पर तुरंत गांववासी एकत्रित हो गए। मामले की सूचना मिलने पर कानूनगो, तहसीलदार, पुलिस बल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी की सहायता से अमरजीत को कुई से निकालने में जुट गए। अमरजीत किस हाल में है, इसका अभी तक कोई पता नहीं लग पाया। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन का प्रयास जारी था।

हत्या प्रयास मामले में तीन को चार-चार वर्ष कारावास

सिरसा। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने हत्या के प्रयास के एक मामले का निपटारा करते हुए तीन लोगों को दोषी करार दिया है। प्रत्येक दोषी को चार वर्ष कारावास व पांच हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई है। 
मामले के अनुसार 5 अक्तूबर 2012 को एक व्यक्ति ने थाना में कालांवाली निवासी टेला सिंह व बल्ला पुत्र निरंजन सिंह, प्रेम पुत्र टेला सिंह तथा प्यारा पुत्र टहल सिंह के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने तथा हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने भादंसं की धारा 308 व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद उक्त सभी को मामले में आरोपी पाते हुए पुलिस ने चालान न्यायालय में पेश किया। सभी पर आरोप तय हुए और न्यायालय में चली सुनवाई के बाद आज अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप सिंह ने टेला, प्रेम व बल्ला को दोषी करार दिया। दोषियों को चार-चार वर्ष कारावास व पांच-पांच हजार रुपए जुर्माना अदा करने की सजा सुनाकर दंडित किया गया। आरोपी प्यारा सिंह को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया। 

अनशन ने उड़ाई प्रशासन की नींद

सिरसा। सांसद आवास पर अनशन से उठाए गए जरनैल सिंह बराड़ के बाद अब स्वर्ण सिंह बराड़ आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। सिखों के आमरण अनशन ने प्रशासन की नींद हराम कर रखी है। इसी के साथ पूरे प्रदेश के सिख भी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष के आवास पर जुटने लगे हैं। उल्लेखनीय है कि अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मांग को लेकर जरनैल सिंह बराड़ विगत कई दिनों से आमरण अनशन पर बैठे थे। गत रात्रि उनकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में प्रशासन ने उन्हें सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। हालांकि बताया जा रहा है कि जरनैल सिंह किसी भी प्रकार का उपचार लेने को राजी नहीं हैं। 
बैठक के बाद स्वर्ण सिंह बैठे अनशन पर 
जरनैल सिंह के अस्पताल में भर्ती होने के बाद आज प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे सिख समुदाय के सदस्यों ने अनशन स्थल पर ही बैठक की। बैठक के बाद जरनैल सिंह बराड़ के स्थान पर रतिया निवासी स्वर्ण सिंह बराड़ आमरण अनशन पर बैठ गए। सिख समुदाय के लोगों का कहना है कि सरकार चाहे जितना जोर लगा ले लेकिन उनके इरादे बुलंद हैं। जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, अनशन जारी रहेगा। सरकार के इशारे पर प्रशासनिक अधिकारी उनके आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन चाहे जितने मर्जी जरनैल सिंह बराड़ अनशन से उठा दिए जाएं, उनका संघर्ष जारी रहेगा। 
जरनैल ने किया उपचार का विरोध
सामान्य अस्पताल के निजी वार्ड में भर्ती जरनैल सिंह के भी हौसले डिगे नहीं हैं। गत रात्रि चिकित्सकों द्वारा उन्हें बांधकर ग्लूकोज़ चढ़ाई गई लेकिन जरनैल ने इसका विरोध किया और बाद में स्वयं ही ड्रिप उतार दी। उन्होंने किसी भी प्रकार का उपचार लेने से मना कर दिया। उनका कहना है कि प्रशासन उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा सकता है लेकिन उनका अनशन नहीं टूटा है। वे किसी भी हालात में अपने उसूलों से समझौता नहीं करेंगे। जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे अस्पताल में ही अनशन करेंगे। 
चिकित्सकों ने जताई चिंता
अस्पताल में चिकित्सक उनके स्वास्थ्य की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार कई दिनों से कुछ न खाने-पीने के कारण जरनैल सिंह के शरीर में बहुत कमजोरी आ चुकी है। शुगर की कमी हो गई है और रक्तचाप भी असंतुलित है। आज चिकित्सा अधीक्षक डा. सुभाषिनी ने भी उनकी स्वास्थ्य जांच की। उन्होंने कहा कि जरनैल को तुरंत उचित उपचार की आवश्यकता है।

खाईवाली गली से कार चोरी

सिरसा। रानियां गेट स्थित खाई वाली गली से गत रात्रि चोरों ने कार पर हाथ साफ कर दिए। यह कार हजकां के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश फुटेला के पुत्र धीरज फुटेला की थी। इस संबंध में सब्जी मंडी चौकी में शिकायत दर्ज करवाई गई है। 
पुलिस को दी शिकायत में धीरज फुटेला ने बताया कि उन्होंने गत रात्रि अपनी कार नंबर एचआर-24 आर 0999 घर के बाहर खड़ी की थी। आज सुबह देखा तो कार नदारद थी। काफी खोजबीन की गई लेकिन कार का कोई अता-पता नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महाशिवरात्रि की धूम
जगह-जगह लगे भंडारे

सिरसा। जिलाभर में महाशिवरात्रि पर्व आज धूमधाम से  मनाया गया। श्रद्धालुओं ने शिवालयों में जलाभिषेक किया। वहीं शहर में जगह जगह लंगर भंडारे का आयोजन किया गया। शिवभक्तों ने हरिद्वार से लाई गई कांवड से शिवभोले का जलाभिषेक किया। मुख्य आयोजन शिवपुरी स्थिति भूतेश्वरनाथ मंदिर में किया गया। मंदिर परिसर में सुबह हवन यज्ञ किया गया। बाद में भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं की कतारे लगी हुई थी। वहीं कांवडिय़ों ने हरिद्वार से लाए गंगाजल से शिव भोले का जलाभिषेक कर पूजा अर्चन की। श्रद्धालुओं ने दुध, दही, घी, शहद, चीनी, मिष्ठाण, फल आदि के साथ पूजा अर्चना की। साथ ही शिवपुरी रोड पर मेला लगा था। जहां पर बच्चों और महिलाओं ने खरीददारी की तो युवा वर्ग भांग की पकौड़ी और कचौड़ी खरीदने के लिए उमड़ा हुआ था। श्री सरसांई नाथ डेरा और सनातन धर्म मंदिर में इस मौके पर लंगर भंडारे का आयोजन किया गया। सिरसा के संस्थापक सरसांई नाथ बाबा की पूजा अर्चना की साथ ही जलाभिषेक किया। परसुराम चौक स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।
रानियां रोड स्थित श्री बाबा तारा कुटिया परिसर में गोबिंद कांडा ने कुटिया परिसर में हवन यज्ञ कर भगवान भोलेनाथ व तारा बाबा से सर्वकल्याण की कामना की। सुबह-सवेरे से ही बाबा तारा कुटिया में स्थित शिवालय पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। काशी के विद्वान पंडितों ने विधिविधान पूर्वक पूजा-अर्चना की तथा महामत्युंज्य मंत्र का जाप किया। इसके पश्चात हजारों भक्तों ने कुटिया परिसर में आयोजित भंडारे का प्रशाद ग्रहण किया। इसके साथ ही गौशाला स्थित प्राचीन शिव मंदिर, भादरा पार्क स्थित सर्राफों वाला शिव मंदिर, खजांचियों वाला शिवालय, गली पारखांवाली स्थित शिव मंदिर, भादरा बाजार स्थित प्राचीन दूधेश्वर मंदिर, बी ब्लाक स्थित दुर्गा मंदिर, मुलतानी कालोनी स्थित शिव मंदिर, सब्जी मंडी स्थित शिव मंदिर में शिवालय पर जलाभिषेक किया गया। दिनभर मंदिरों में भगवान शिव के भजनों का गुणगान होता रहा। शहर में शिवभक्तों ने जगह जगह लंगर भंडारों का आयोजन किया गया। इसके अलावा ऐलनाबाद, डबवाली, रानियां, नाथुसरी चौपटा, कालांवाली, ओढ़ां, गौरीवाला आदि में महाशिवरात्रि का पर्व बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया।